नौ और पुलिसकर्मियों पर गिरी निलंबन की गाज, अब तक कुल 15 पर कार्रवाई; वायरलेस ऑपरेटर के बाद OD अधिकारी और मुंशी भी गिरफ्तार, गम्हरिया थाना के सभी पुलिसकर्मी निलंबित
सरायकेला। सरायकेला-खरसावां जिले के गम्हरिया थाना परिसर में महिला के साथ दुष्कर्म के गंभीर मामले में पुलिस विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। मामले में थाना प्रभारी समेत अब तक कुल 15 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया जा चुका है। वहीं, OD अधिकारी और मुंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है। इससे पहले शनिवार को वायरलेस ऑपरेटर को भी गिरफ्तार कर जेल भेजा गया था।
नौ और पुलिसकर्मी निलंबित, संख्या बढ़कर 15 हुई
पुलिस अधीक्षक की कार्रवाई के तहत रविवार को गम्हरिया थाना के नौ और पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया। इनमें दो सब-इंस्पेक्टर, चार असिस्टेंट सब-इंस्पेक्टर, दो हवलदार और एक कांस्टेबल शामिल हैं।
इससे पहले शनिवार को थाना प्रभारी समेत छह पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया था। ताजा कार्रवाई के बाद निलंबित पुलिसकर्मियों की कुल संख्या 15 हो गई है। रिपोर्ट के अनुसार, गम्हरिया थाना में तैनात सभी पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है।
OD अधिकारी और मुंशी गिरफ्तार, जेल भेजे गए
मामले में गिरफ्तारी की कार्रवाई भी तेज कर दी गई है। रविवार को OD अधिकारी और मुंशी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया। इससे पहले शनिवार को वायरलेस ऑपरेटर की गिरफ्तारी हुई थी।
थाना परिसर में हुई इस घटना और उसके बाद सामने आई पुलिसकर्मियों की भूमिका ने पुलिस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। विभाग की ओर से निलंबन और गिरफ्तारी की कार्रवाई की जा रही है।
इस मामले में अब तक की कार्रवाई से साफ है कि पुलिस महकमे के भीतर भी व्यापक स्तर पर जवाबदेही तय करने की प्रक्रिया चल रही है। मामले की जांच और आगे की कार्रवाई पर सभी की नजरें टिकी हैं।
यह भी पढ़ें – थाने में न्याय मांगने पहुंची महिला से दुष्कर्म पर भड़कीं नीरा यादव, बोलीं- हेमंत सरकार में महिलाएं कहां सुरक्षित?