रांची: जन सुराज पार्टी के डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर देवपालिक गुप्ता का शव मंगलवार को रांची के अनगड़ा-मुरी रेलखंड के पास जंगल से बरामद किया गया। वह सोमवार को रांची से पटना जाने के दौरान जनशताब्दी एक्सप्रेस से लापता हो गए थे। शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। उनकी मौत किन परिस्थितियों में हुई, इसका पता लगाया जा रहा है।
31 वर्षीय देवपालिक गुप्ता उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के रहने वाले थे। वह दिल्ली स्थित भारतीय जनसंचार संस्थान (IIMC) के 2018 बैच के छात्र रहे थे। वर्तमान में वह प्रशांत किशोर की जन सुराज पार्टी में डिजिटल कम्युनिकेशन मैनेजर के पद पर कार्यरत थे।
रांची से पटना जाने के दौरान हुए थे लापता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, देवपालिक गुप्ता सोमवार को अपने मित्र और सहकर्मी गौतम कुमार के साथ रांची रेलवे स्टेशन से जनशताब्दी एक्सप्रेस में सवार होकर पटना के लिए रवाना हुए थे। ट्रेन दोपहर करीब 2:25 बजे रांची स्टेशन से खुली थी। इसी यात्रा के दौरान वह लापता हो गए।
उनके लापता होने के बाद तलाश शुरू की गई थी। मामले में मुरी जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई। इसके बाद रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) की टीमें संयुक्त रूप से उनकी तलाश में जुटी थीं।
आईकार्ड से हुई शव की पहचान
रांची के ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी ने शव मिलने की पुष्टि की। उन्होंने बताया कि अनगड़ा-मुरी रेलखंड के पास शव बरामद हुआ है। शव के पास से एक पहचान पत्र भी मिला, जिस पर देवपालिक गुप्ता की तस्वीर थी। पहचान पत्र के आधार पर शव की शिनाख्त की गई।
फिलहाल पुलिस घटनास्थल पर जांच कर रही है। देवपालिक गुप्ता की मौत कैसे हुई और वह ट्रेन से लापता होने के बाद रेलवे ट्रैक के किनारे जंगल तक किन परिस्थितियों में पहुंचे, इन सवालों के जवाब जांच के बाद ही स्पष्ट हो सकेंगे।
यह भी पढ़ें – जामताड़ा में शादी के अगले दिन नवविवाहित जोड़े के शव रेल पटरी पर मिले, जांच में जुटी पुलिस