मच्छरों के पनपने के 26 हजार से अधिक स्रोत नष्ट, 212 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
जमशेदपुर। शहर में डेंगू की रोकथाम के लिए टाटा स्टील ने अपने प्रयास तेज कर दिए हैं। टाटा स्टील यूआईएसएल के माध्यम से घर-घर सर्वे, मच्छरों के प्रजनन स्थलों को नष्ट करने और जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं। कंपनी के अनुसार, इस सीजन में अब तक 4,89,601 घरों का सर्वे किया गया है। इस दौरान मच्छरों के पनपने के 26 हजार से अधिक स्रोतों को नष्ट किया गया है।
घरों के अंदर और बाहर चलाया जा रहा अभियान
अभियान के तहत घरों के अंदर मच्छरों के पनपने वाले 14,193 और बाहर ऐसे 11,855 स्थानों को नष्ट किया गया है। टीमों की ओर से लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। साथ ही, लोगों को घरों और आसपास पानी जमा नहीं होने देने तथा डेंगू से बचाव के लिए जरूरी सावधानियां बरतने के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
हाउस इंडेक्स 2.4 पर पहुंचा
टाटा स्टील के अनुसार, अप्रैल से सितंबर के बीच औसत हाउस इंडेक्स 2.7 रहा, जबकि सितंबर में यह घटकर 2.4 पर आ गया। यह सूचकांक एडीज मच्छरों के प्रजनन की स्थिति का आकलन करने में मदद करता है। कंपनी ने बताया कि निर्धारित 5 के लक्ष्य की तुलना में यह स्तर कम है।
212 जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
डेंगू से बचाव के लिए चलाए जा रहे #पलटीमार3 अभियान के तहत स्कूलों और समुदायों में जागरूकता गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इस सीजन में अब तक 212 जागरूकता कार्यक्रम और स्कूलों में 104 नुक्कड़ नाटक आयोजित किए गए हैं। इसके अलावा, फील्ड टीमों ने घर-घर जाकर लोगों से 4.40 लाख से अधिक बार संवाद किया है।
टाटा स्टील ने डेंगू की रोकथाम में सामुदायिक भागीदारी को महत्वपूर्ण बताते हुए लोगों से अपील की है कि वे अपने घरों और आसपास पानी जमा न होने दें तथा नियमित रूप से मच्छरों के पनपने वाले संभावित स्थानों की जांच करें।
यह भी पढ़ें – जमशेदपुर को महानगरपालिका घोषित करे सरकार : सरयू राय