भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था और रोजगार को लेकर बरसे भाजपा प्रदेश प्रभारी
रांची: झारखंड भाजपा के नवनियुक्त प्रदेश प्रभारी और राष्ट्रीय महामंत्री गजेंद्र सिंह पटेल ने अपनी पहली प्रेस वार्ता में हेमंत सोरेन सरकार पर भ्रष्टाचार, कानून-व्यवस्था, महिला सुरक्षा, रोजगार, परीक्षा में गड़बड़ी और घुसपैठ जैसे मुद्दों को लेकर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि 2019 से झामुमो-कांग्रेस-राजद की सरकार के कार्यकाल में जनता को विकास के बजाय निराशा मिली है।
दो दिवसीय झारखंड दौरे के बाद गजेंद्र पटेल ने कहा कि जिलों में लोगों और कार्यकर्ताओं से बातचीत के दौरान उन्हें राज्य की स्थिति गंभीर दिखाई दी। उन्होंने आरोप लगाया कि बालू, कोयला, पत्थर और अन्य खनिज संपदाओं के साथ DMFT फंड में भी लूट हो रही है। भाजपा इन मुद्दों को लेकर सड़क से सदन तक संघर्ष करेगी।
छात्रों और युवाओं के मुद्दे पर सरकार को घेरा
गजेंद्र पटेल ने JPSC, JSSC CGL, उत्पाद सिपाही और PGT समेत विभिन्न भर्ती परीक्षाओं में विवाद और कथित पेपर लीक का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि परीक्षा में गड़बड़ी से लाखों युवाओं का भविष्य प्रभावित हुआ है। छात्रों के हालिया आंदोलनों का हवाला देते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि लोकतांत्रिक तरीके से आंदोलन कर रहे युवाओं के साथ सरकार ने कठोर रवैया अपनाया।
घुसपैठ और मतदाता सूची का मुद्दा
प्रदेश प्रभारी ने झारखंड में कथित घुसपैठ के मुद्दे पर भी राज्य सरकार को घेरा। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार घुसपैठ रोकने के बजाय इसे बढ़ावा दे रही है। मतदाता सूची के संदर्भ में उन्होंने SIR जैसी प्रक्रिया का समर्थन करते हुए कहा कि वास्तविक मतदाताओं को जोड़ना और अवांछित नामों को हटाना लोकतांत्रिक प्रक्रिया को मजबूत करने के लिए जरूरी है।
कानून-व्यवस्था और महिला सुरक्षा पर हमला
गजेंद्र पटेल ने राज्य की कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि हत्या, लूट, अपहरण और गोलीबारी जैसी घटनाओं से राज्य में भय का माहौल है और अपराधियों में कानून का डर नहीं है। महिला सुरक्षा को लेकर भी उन्होंने सरकार से जवाब मांगा।
आदिवासी वोट बैंक पर BJP का फोकस
प्रदेश प्रभारी ने कहा कि झामुमो और कांग्रेस ने आदिवासी समाज को बरगलाकर सत्ता हासिल की, लेकिन अब आदिवासी समाज जागरूक हो चुका है। उन्होंने दावा किया कि भाजपा ने आदिवासियों के लिए ऐतिहासिक काम किए हैं और पार्टी आने वाले समय में आदिवासी समाज के मुद्दों को मजबूती से उठाएगी।
2029 की तैयारी और संगठन पर मंथन
गजेंद्र पटेल के झारखंड दौरे के दौरान भाजपा प्रदेश कार्यालय में कोर कमेटी की बैठक भी हुई। प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू की अध्यक्षता में हुई बैठक में संगठन को मजबूत करने, आगामी कार्यक्रमों और राज्य के राजनीतिक हालात पर विस्तार से चर्चा हुई।
बैठक में नेता प्रतिपक्ष बाबूलाल मरांडी, पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा और रघुवर दास, प्रदेश प्रभारी गजेंद्र पटेल, सह-प्रभारी सौरभ सिंह एवं निवेदिता सिंह, संगठन महामंत्री पवन साय सहित पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
यह भी पढ़ें – झारखंड भाजपा : 14 आदिवासी सीटों से 1 तक का सफर, 2029 में क्या भरोसा लौट पाएगा?