Ranchi : राजधानी के मेन रोड इलाके से गुरुवार देर रात एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिंदपीढ़ी थाना क्षेत्र स्थित ब्लेयर अपार्टमेंट (Blair Apartment) से कूदकर बिल्डर अनुराग सरावगी ने आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। अनुराग रांची के प्रतिष्ठित बिल्डर जोखीराम-दुर्गादत्त के मैनेजिंग पार्टनर थे। उनकी फर्म ने रांची का जेडी हाईस्ट्रीट मॉल और जेडी सिनेमाज तथा गोवा में जेडी विला आदि प्रीमियम प्रॉपर्टीज का निर्माण किया है।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, गुरुवार देर रात अनुराग सरावगी ने अपार्टमेंट की छठी मंजिल से छलांग लगा दी, जिससे मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
परिवार बाहर था, फोन पर कर रहे थे बात
रांची पुलिस के अनुसार, घटना के समय अनुराग सरावगी की पत्नी और बच्चे तमिलनाडु में थे। पुलिस को दिए गए बयान में घर में कार्यरत नौकरानी ने बताया कि अनुराग सरावगी जब घर लौटे, उस वक्त वह मोबाइल फोन पर किसी से बातचीत कर रहे थे। बातचीत के दौरान उनकी आवाज ऊंची थी और वे काफी उत्तेजित नजर आ रहे थे, जिससे यह आभास हो रहा था कि किसी गंभीर निजी या पारिवारिक विषय पर चर्चा हो रही है।
नौकरानी ने पुलिस को यह भी जानकारी दी कि तीन मंजिला मकान के प्रथम तल पर अनुराग सरावगी के माता-पिता रहते हैं, जबकि दूसरा तल उनके उपयोग में था। बताया गया कि दूसरा तल आमतौर पर अंदर से बंद रहता था, जबकि बालकनी खुली रहती थी। इसी दौरान अनुराग सरावगी सिगरेट और लाइटर लेकर बालकनी की ओर गए थे।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, बालकनी में खड़े होकर वे मोबाइल फोन पर बातचीत कर रहे थे। इसी दौरान वह नीचे गिर गए। गिरने से मौके पर ही उनकी मौत हो गई। घटना के बाद उनका मोबाइल फोन क्षतिग्रस्त अवस्था में पाया गया, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
पुलिस मौके पर पहुंची, जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही हिंदपीढ़ी थाना की पुलिस मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने घटनास्थल पर मौजूद लोगों और परिजनों से शुरुआती पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि घटना के समय की परिस्थितियों का पता लगाया जा सके।
आत्महत्या के कारणों का खुलासा नहीं
फिलहाल अनुराग सरावगी द्वारा यह कदम उठाने के कारणों का खुलासा नहीं हो पाया है। घटनास्थल से किसी सुसाइड नोट की बरामदगी को लेकर अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सभी पहलुओं पर जांच
पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि कहीं मृतक किसी वित्तीय दबाव, व्यापारिक घाटे, पारिवारिक विवाद या मानसिक तनाव से तो नहीं जूझ रहे थे। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।