पलामू: झारखंड के पलामू जिले में करमा पूजा की खुशियां बुधवार को मातम में बदल गईं। चैनपुर थाना क्षेत्र के बोकेया गांव के पास करमा पूजा की करम डाली के विसर्जन के दौरान कोयल नदी में डूबने से पांच लोगों की मौत हो गई। मृतकों में तीन नाबालिग भी शामिल हैं।

पुलिस के अनुसार, करमा पूजा के बाद बुधवार सुबह करम डाली के विसर्जन के लिए लोग कोयल नदी के पास पहुंचे थे। इसी दौरान एक बच्चा नदी के गहरे पानी में चला गया। उसे डूबता देखकर चार अन्य लोग उसे बचाने के लिए पानी में उतर गए। तेज बहाव और गहराई के कारण पांचों डूब गए।
मृतकों में तीन नाबालिग
पुलिस के अनुसार हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान अमित कुमार ठाकुर (22), नीतीश कुमार सिंह (18), विशाल पासवान (16), राजा सिंह (12) और हेमंत कुमार सिंह (8) के रूप में हुई है।
हादसे में जान गंवाने वालों में विशाल पासवान, राजा सिंह और हेमंत कुमार सिंह नाबालिग थे। सभी शवों को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
करमा पूजा के बाद किया जा रहा था विसर्जन
झारखंड में मंगलवार को करमा पर्व मनाया गया था। करमा आदिवासी समुदाय का प्रमुख पर्व है। पूजा के दौरान करम पेड़ की डाली की पूजा की जाती है और पर्व के समापन पर उसकी विधि-विधान से विसर्जन किया जाता है।
बोकेया गांव के पास भी इसी परंपरा के तहत करम डाली का विसर्जन किया जा रहा था। इसी दौरान यह दर्दनाक हादसा हो गया।
अलग हादसे में 15 वर्षीय किशोरी की भी मौत
पलामू में करमा डाली विसर्जन के दौरान एक अन्य हादसा भी सामने आया। पाटन थाना क्षेत्र के नानी झरिया में 15 वर्षीय सिंपी कुमारी की डूबने से मौत हो गई। वह करम डाल विसर्जन के दौरान पानी में डूबी थी।
इस तरह पलामू जिले में करमा पर्व के समापन के दौरान अलग-अलग घटनाओं में कुल छह लोगों की मौत की रिपोर्ट सामने आई है।
हादसों के बाद दोनों इलाकों में शोक का माहौल है। पुलिस और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव अभियान चलाया। प्रशासन की ओर से घटनाओं की जानकारी जुटाई जा रही है।
यह भी पढ़ें – चतरा में बड़ा हादसा : पिकनिक मनाने निकले तीन दोस्त नदी में डूबे, दो की मौत, एक लापता