Chatra : चतरा जिले के गिद्धौर थाना क्षेत्र से लापता 14 वर्षीय नाबालिग दिव्यांग मुन्नी कुमारी उर्फ रानू कुमारी का अब तक कोई पता नहीं चल पाया है। घटना को 20 दिन से अधिक का समय बीत चुका है, लेकिन तमाम प्रयासों के बावजूद पुलिस के हाथ खाली हैं। मुन्नी के बारे में जानकारी देने पर पुलिस ने 10 हजार रुपये के इनाम की घोषणा की है।
पिकनिक पर निकली थी, फिर नहीं लौटी घर
जानकारी के अनुसार, गिद्धौर थाना क्षेत्र के गांगपुर गांव निवासी निर्मल राणा की बेटी मुन्नी कुमारी 28 दिसंबर 2025 को अपने दोस्तों के साथ घर के समीप ही पिकनिक मनाने के लिए निकली थी। परिजनों को उम्मीद थी कि वह शाम तक लौट आएगी, लेकिन देर रात तक घर न पहुंचने पर परिजनों की चिंता बढ़ गई। मुन्नी पैर से दिव्यांग और मानसिक रूप से अशक्त है।
जमीन विवाद को चलते रांची के पंडरा में हुआ था गोलीकांड, सरगना संजय पांडे सहित पांच अपराधी गिरफ्तार
परिजनों का आरोप: शुरुआती दिनों में पुलिस ने नहीं दिखाई गंभीरता
परिजनों के मुताबिक, 31 दिसंबर को ही गिद्धौर थाना में लिखित आवेदन देकर बेटी की सुरक्षित बरामदगी की गुहार लगाई गई थी। आरोप है कि इसके बावजूद शुरुआती लगभग दस दिनों तक पुलिस ने मामले को गंभीरता से नहीं लिया, जिससे संभावित सुराग हाथ से निकलते चले गए।
अब ड्रोन और तकनीकी सर्विलांस का सहारा
मामला तूल पकड़ने के बाद पुलिस हरकत में आई है। क्षेत्र में घने जंगलों और पहाड़ी इलाकों को देखते हुए ड्रोन कैमरों की मदद से निगरानी की जा रही है। साथ ही मोबाइल तकनीकी सर्विलांस और पुलिस की कई टीमों द्वारा लगातार तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सभी संभावित बिंदुओं पर जांच की जा रही है और जल्द ही कोई ठोस जानकारी मिलने की उम्मीद है।
61 दिन बाद खत्म हुआ इंतजार : लापता कन्हैया कुमार को रांची पुलिस ने कोडरमा से किया सकुशल बरामद
गांव में भय और आक्रोश का माहौल
20 दिन बीत जाने के बाद भी बच्ची का कोई सुराग न मिलने से परिजन गहरे सदमे में हैं। गांव में भय और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मामले की उच्चस्तरीय जांच और तेज कार्रवाई की मांग की है।