AK-47 के साथ RCM राम प्रसाद मार्डी ने डाले हथियार, पत्नी समेत दो महिला नक्सली भी मुख्यधारा में लौटीं
पश्चिम बंगाल: माओवादी संगठन के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के बीच सुरक्षा बलों को बड़ी सफलता मिली है। पश्चिम बंगाल में तीन सक्रिय माओवादियों ने आत्मसमर्पण कर संगठन को बड़ा झटका दिया है। आत्मसमर्पण करने वालों में पूर्वी सिंहभूम के पटमदा निवासी राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन, उसकी पत्नी मीता उर्फ नयनतारा और बुलू उर्फ गौरी शामिल हैं।
तीनों पर कुल 26 लाख रुपये का इनाम घोषित था। आत्मसमर्पण के दौरान राम प्रसाद मार्डी ने एक AK-47 राइफल भी सुरक्षा बलों को सौंप दी।
RCM के पद पर सक्रिय था राम प्रसाद मार्डी
राम प्रसाद मार्डी उर्फ सचिन माओवादी संगठन में RCM (रीजनल कमेटी मेंबर) के पद पर सक्रिय था। उस पर 15 लाख रुपये का इनाम घोषित था। वह पूर्वी सिंहभूम के पटमदा का रहने वाला है।
सरेंडर के दौरान उसके द्वारा AK-47 जमा करने को सुरक्षा बलों के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
पत्नी मीता भी माओवादी संगठन में थी सक्रिय
राम प्रसाद मार्डी की पत्नी मीता उर्फ नयनतारा भी संगठन में सक्रिय थी। वह पश्चिम मेदिनीपुर के नंदीग्राम थाना क्षेत्र के सोनाचूड़ा की रहने वाली है।
मीता संगठन में ZCM (जोनल कमेटी मेंबर) के रूप में सक्रिय थी और उस पर 10 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
बुलू उर्फ गौरी पर एक लाख का इनाम
आत्मसमर्पण करने वाली तीसरी माओवादी बुलू उर्फ गौरी है। वह पश्चिम मेदिनीपुर के सालबनी थाना क्षेत्र के करमसोल की रहने वाली है और मदन महतो की पत्नी है।
बुलू माओवादी संगठन की सक्रिय कैडर के रूप में काम कर रही थी। उस पर एक लाख रुपये का इनाम घोषित था।
इस तरह तीनों पर घोषित इनाम की कुल राशि 26 लाख रुपये है। तीन सक्रिय माओवादियों के एक साथ आत्मसमर्पण और AK-47 जमा करने से माओवादी संगठन को बड़ा झटका माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें – चतरा विधायक जनार्दन पासवान के बेटे सौरभ को पुलिस ने किया बरामद, एमिटी यूनिवर्सिटी गेट से अपहरण का आरोप