झारखंड में जेपीएससी और जेएसएससी भर्ती परीक्षा में कथित अनियमितताओं को लेकर जारी छात्र आंदोलन के बीच झारखंड सरकार की ओर से संवाद का संदेश दिया गया है। इस संदेश में स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने कहा कि इस मुद्दे का समाधान राजनीति से नहीं बल्कि बातचीत के जरिए किया जाएगा।
उन्होंने यह भी कहा कि सरकार छात्रों की भावनाओं को समझती है एवं उनकी जायज मांगों पर गंभीरता से विचार करने को भी तैयार है। स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने यह कहा कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि सरकार के दरवाजे छात्रों के लिए हमेशा से खुले रहे हैं और ऐसे में, किसी भी तरह की टकराव या राजनीतिक माहौल बनाने के बजाय संवाद के माध्यम से रास्ता निकाला जाना चाहिए। उन्होंने यह भरोसा दिलाया है कि सरकार छात्रों के हितों की रक्षा करने के लिए हमेशा प्रतिबद्ध है।
उन्होंने विपक्ष पर भी निशाना साधते हुए यह कह दिया कि कुछ राजनीतिक दल छात्रों के आंदोलन का राजनीतिक लाभ उठाने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन, इस संवेदनशील मुद्दे का समाधान शांतिपूर्ण बातचीत से ही हो पाएगा। उन्होंने सभी पक्षों से अपील किया है कि छात्रों के भविष्य को ध्यान में रखते हुए आंदोलन को राजनीतिक रंग देने से बचाए।