एसिया के उपाध्यक्ष हैं पिता देवांग गांधी, मचा हड़कंप, पुलिस हर एंगल से कर रही जांच

Jamshedpur : आदित्यपुर के प्रसिद्ध उद्योगपति और आदित्यपुर स्मॉल इंडस्ट्रीज एसोसिएशन (एसिया) के उपाध्यक्ष देवांग गांधी के बेटे कैराव गांधी के रहस्यमय ढंग से लापता होने से जमशेदपुर और आदित्यपुर क्षेत्र में हड़कंप मच गया है। कैराव मंगलवार दोपहर करीब दो बजे से लापता हैं, जबकि उनकी क्रेटा कार रांची–जमशेदपुर हाईवे (एनएच-33) पर सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत कांदरबेड़ा के पास झाड़ियों में लावारिस हालत में बरामद की गई है।
कार की इस तरह सुनसान इलाके में बरामदगी के बाद अपहरण, दुर्घटना या किसी आपराधिक साजिश की आशंका जताई जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि फिलहाल किसी नतीजे पर पहुंचना जल्दबाजी होगी और सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।
उद्योग जगत में गहरी चिंता
गांधी परिवार को जमशेदपुर-आदित्यपुर क्षेत्र में एक प्रभावशाली और रसूखदार औद्योगिक परिवार माना जाता है। देवांग गांधी की कंपनी इंपीरियल ऑटो प्राइवेट लिमिटेड आदित्यपुर औद्योगिक क्षेत्र में संचालित होती है। परिवार बिष्टुपुर के सर्किट हाउस एरिया में रहता है।
24 वर्षीय कैराव गांधी ने मुंबई से एमबीए की पढ़ाई पूरी की थी और करीब छह महीने पहले ही जमशेदपुर लौटे थे। इसके बाद से वे पिता के व्यवसाय में सक्रिय रूप से हाथ बंटा रहे थे।
अनिल टाइगर मर्डर केस में देवव्रत पर समय रहते कार्रवाई होती तो टल सकता था सोमा मुंडा हत्याकांड?
लावारिस कार से बढ़ा रहस्य
कैराव के लापता होने की सूचना मिलते ही परिजनों ने बिष्टुपुर थाना पुलिस को जानकारी दी। इसके बाद पुलिस ने तलाश शुरू की। कुछ ही समय बाद उनकी क्रेटा कार चांडिल थाना क्षेत्र में झाड़ियों के बीच लावारिस हालत में मिली। पुलिस टीम मौके पर पहुंचकर कार की गहन जांच कर रही है।
पुलिस कार से जुड़े फिंगरप्रिंट, आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज और स्थानीय लोगों से पूछताछ कर रही है। सूत्रों का कहना है कि जिस तरह कार को सुनसान जगह पर छोड़ा गया है, उससे यह आशंका भी जताई जा रही है कि किसी ने जानबूझकर पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की हो।
अपहरण की मांग नहीं, जांच जारी
फिलहाल पुलिस को अपहरण से जुड़ी किसी तरह की फिरौती या धमकी की सूचना नहीं मिली है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामला बेहद संवेदनशील है और इसे गंभीरता से लेते हुए हर संभावित एंगल से जांच की जा रही है।
परिजनों और उद्योग जगत में कैराव गांधी की सुरक्षित वापसी को लेकर गहरी चिंता बनी हुई है। पुलिस ने भरोसा दिलाया है कि तलाश अभियान तेज कर दिया गया है और जल्द ही किसी ठोस सुराग तक पहुंचने की कोशिश की जा रही है।