Durand Cup 2026: पहली बार 135वें डूरंड कप की मेजबानी करेगा रांची, 26 जुलाई को होगा आगाज़, दर्शकों को मिलेंगे फ्री टिकट

Anand Kumar
3 Min Read

रांची। झारखंड की राजधानी रांची पहली बार एशिया के सबसे पुराने फुटबॉल टूर्नामेंट 135वें डूरंड कप-2026 की मेजबानी करने जा रही है। 26 जुलाई से बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम, मोरहाबादी में प्रतियोगिता का आगाज़ होगा। उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे। राज्य सरकार ने दर्शकों के लिए सभी मैचों के टिकट निःशुल्क रखने का निर्णय लिया है।

यह जानकारी पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग के खेल निदेशक छवि रंजन ने बिरसा मुंडा फुटबॉल स्टेडियम में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में दी। इस दौरान इंडियन आर्मी के प्रतिनिधि मनोज कुमार झा भी मौजूद रहे।

यह भी पढ़ें – रांची में मूसलाधार बारिश से सड़कें बनीं तालाब, नगर निगम पर उठे सवाल

22 जुलाई से मिलेंगे फ्री टिकट

खेल निदेशक ने बताया कि 22 जुलाई से 16 अगस्त 2026 तक स्टेडियम परिसर में निःशुल्क टिकट वितरित किए जाएंगे। टिकट वितरण का समय सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक रहेगा। प्रत्येक व्यक्ति को अधिकतम चार टिकट दिए जाएंगे।

टिकट वितरण के लिए स्टेडियम के गेट नंबर 11 से 13 के बीच 10 काउंटर और गेट नंबर 23 के पास दो अतिरिक्त काउंटर बनाए गए हैं।

प्रशासन ने दर्शकों से अपील की है कि वे मैच शुरू होने से कम से कम एक घंटे पहले स्टेडियम पहुंचें ताकि सुरक्षा जांच के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो।

एशिया का सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट

खेल निदेशक छवि रंजन ने बताया कि वर्ष 1888 में शुरू हुआ डूरंड कप एशिया का सबसे पुराना और दुनिया का तीसरा सबसे पुराना फुटबॉल टूर्नामेंट है। इसके 135वें संस्करण में 24 टीमें पांच मेजबान शहरों में खिताब के लिए मुकाबला करेंगी।

टूर्नामेंट में इंडियन सुपर लीग (ISL) और आई-लीग के प्रमुख क्लबों के अलावा भारतीय सशस्त्र बलों तथा विदेशी सैन्य टीमों की भी भागीदारी होगी।

स्टेडियम में रहेंगे कड़े सुरक्षा इंतजाम

प्रशासन ने स्टेडियम में सुरक्षा को लेकर सख्त दिशा-निर्देश जारी किए हैं। दर्शकों को हथियार, पटाखे, बड़े बैग, बाहरी खाद्य सामग्री, शराब, तंबाकू उत्पाद, ड्रोन, प्रोफेशनल कैमरे, लैपटॉप, बड़े पावर बैंक, हेलमेट, मेगाफोन, एयर हॉर्न, बड़े झंडे, लेजर पॉइंटर और एरोसोल स्प्रे जैसी वस्तुएं लाने की अनुमति नहीं होगी।

राज्य सरकार का कहना है कि डूरंड कप-2026 की मेजबानी से झारखंड को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर खेल पर्यटन और फुटबॉल संस्कृति को बढ़ावा देने का अवसर मिलेगा।

यह भी पढ़ें – झारखंड GNM प्रवेश परीक्षा 2026, 16 जुलाई से 9 अगस्त तक करें आवेदन

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *