थकी हुई महिला को मुफ्त डे-पास देकर दिखाई इंसानियत, सोशल मीडिया पर भावुक पोस्ट वायरल; लोगों ने कहा- ‘ऐसे लोग ही भारत की असली पहचान हैं’
सैन जोस (कैलिफोर्निया)। विदेश में अपनेपन की एक छोटी-सी मिसाल सोशल मीडिया पर हजारों लोगों का दिल जीत रही है। अमेरिका के कैलिफोर्निया स्थित सैन जोस शहर में एक भारतीय महिला के साथ जमशेदपुर से संबंध रखनेवाले एक सिख बस चालक द्वारा किया गया मानवीय व्यवहार अब इंटरनेट पर चर्चा का विषय बन गया है।
भारत में रहनेवाली नीलू मिश्रा इन दिनों अमेरिका की यात्रा पर हैं। उन्होंने अपने एक फेसबुक पोस्ट में बताया है कि वह सैन जोस शहर के एक मैक्सिकन रेस्टोरेंट से निकलने के बाद इतनी थक चुकी थीं कि करीब चार किलोमीटर पैदल चल कर अपने ठिकाने पर जाने की हिम्मत नहीं बची थी। ऐसे में उन्होंने बस से जाने का फैसला किया।
बस में चढ़ते ही उनकी नजर चालक पर पड़ी। सामने पगड़ी पहने एक सिख ड्राइवर थे। नीलू ने सहज भाव से कहा, “सत श्री अकाल, पाजी!” उन्हें लगा कि शायद चालक हिंदी नहीं समझेंगे, लेकिन अगले ही पल चालक ने मुस्कुराकर हिंदी में जवाब दिया। परदेस में अपनी भाषा सुनकर नीलू भावुक हो गईं।
पोस्ट में उन्होंने लिखा है कि उन्हें डाउनटाउन जाना था। ड्राइवर ने बताया कि अगले स्टॉप पर बस बदलनी होगी। इसी दौरान बातचीत में पता चला कि उनका संबंध जमशेदपुर से है। कुछ ही मिनटों की बातचीत में दोनों के बीच आत्मीयता का एहसास होने लगा।
यह भी पढ़ें – AI आधारित सुशासन से बदलेगा झारखंड: सरकार ने पेश किया 1150 करोड़ का डिजिटल रोडमैप, 1 लाख रोजगार का लक्ष्य
खुद बस से उतरकर दिखाया रास्ता
जब बस अगले स्टॉप पर पहुंची तो चालक ने केवल जानकारी देकर अपनी जिम्मेदारी पूरी नहीं की। उन्होंने बस पार्क की, खुद नीचे उतरे और नीलू को दूसरी बस के स्टॉप तक ले जाकर सही बस की जानकारी दी।
इतना ही नहीं, जब नीलू ने किराया देने के लिए अपना बटुआ निकाला तो चालक ने मुस्कुराते हुए मना कर दिया। उन्होंने अपनी जेब से एक डे-पास निकालकर नीलू के हाथ में देते हुए कहा, “आज पूरे दिन इसी से आराम से सफर कर लीजिए, पैसे देने की जरूरत नहीं है।”
“बस पास नहीं, अपनापन दिया”
नीलू मिश्रा ने अपनी पोस्ट में लिखा कि उस पल उन्हें लगा जैसे किसी अपने ने परदेस में उनका हाथ थाम लिया हो। उन्होंने लिखा कि बस चालक ने उन्हें केवल एक बस पास नहीं दिया, बल्कि यह एहसास कराया कि इंसान की सबसे बड़ी पहचान उसका धर्म, देश या भाषा नहीं, बल्कि उसका बड़ा दिल होता है।
उन्होंने भावुक शब्दों में लिखा कि “कभी-कभी भगवान फरिश्तों को पंख नहीं देता, बल्कि उन्हें बस की यूनिफॉर्म पहनाकर हमारी जिंदगी में भेज देता है।”
सोशल मीडिया पर लोगों का प्यार
नीलू मिश्रा की यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। लोग बस चालक की संवेदनशीलता और मददगार स्वभाव की जमकर सराहना कर रहे हैं। कई यूजर्स ने लिखा कि विदेश में भारतीय समुदाय का यही अपनापन लोगों के दिलों में हमेशा याद रहता है। वहीं, जमशेदपुर से जुड़े होने की जानकारी ने झारखंड के लोगों के लिए भी इस कहानी को और खास बना दिया है।
यह भी पढ़ें – AI और डिजिटल गवर्नेंस से बदलेगा झारखंड, Google-Microsoft-IBM समेत वैश्विक कंपनियों ने दिखाई साझेदारी में दिलचस्पी