रांची: झारखंड में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision-SIR) अभियान के तहत मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने बुधवार को स्वयं अपना एसआईआर (SIR) एन्यूमरेशन प्रपत्र भरकर लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने राज्य के सभी पात्र मतदाताओं से निर्धारित समय सीमा के भीतर अपना प्रपत्र भरकर मतदाता सूची में विवरण का सत्यापन कराने की अपील की।
मुख्यमंत्री ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में निर्वाचन अधिकारियों की मौजूदगी में एसआईआर प्रपत्र भरा। इसी अवसर पर उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन ने भी अपना एन्यूमरेशन फॉर्म भरकर जमा किया।
लोकतंत्र की मजबूती के लिए मतदाता सूची का अद्यतन होना जरूरी: मुख्यमंत्री
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने कहा कि मतदान का अधिकार लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण ताकत है और इसे सुरक्षित रखना प्रत्येक नागरिक की जिम्मेदारी है। उन्होंने कहा कि शुद्ध और अद्यतन मतदाता सूची स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं पारदर्शी चुनाव की आधारशिला होती है। इसलिए सभी पात्र मतदाताओं को समय पर अपना एसआईआर प्रपत्र भरकर सत्यापन कराना चाहिए।
उन्होंने लोगों से अपील की कि वे केवल स्वयं ही इस प्रक्रिया में भाग न लें, बल्कि अपने परिवार, पड़ोस और आसपास के लोगों को भी मतदाता सूची सत्यापन अभियान से जोड़ने के लिए प्रेरित करें।
यह भी पढ़ें – सरयू राय का ऐलान : 3 जुलाई को जमशेदपुर बंद, 2 जुलाई को निकलेगा मशाल जुलूस
घर-घर पहुंच रहे हैं बीएलओ
राज्यभर में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के तहत बूथ लेवल ऑफिसर (BLO) घर-घर जाकर एन्यूमरेशन प्रपत्र वितरित कर रहे हैं और मतदाताओं की जानकारी का सत्यापन कर रहे हैं। इस अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिक सटीक, अद्यतन और त्रुटिरहित बनाना है।
मुख्यमंत्री के समक्ष 64-हटिया विधानसभा क्षेत्र के बूथ संख्या-290 की बीएलओ ने निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार उनका प्रपत्र भरवाया।
ये अधिकारी रहे मौजूद
इस अवसर पर जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त रांची मंजूनाथ भजंत्री, अनुमंडल पदाधिकारी कुमार रजत, ईआरओ-सह-एडीएम धनंजय, उप निर्वाचन पदाधिकारी विवेक कुमार सुमन तथा बीएलओ वेरोनिका देवी सहित निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
यह भी पढ़ें – एक हत्या… SSP-SP हटे, आरोपी पर 2 लाख का इनाम, 48 घंटे बाद हुआ हिमांशु का अंतिम संस्कार