लॉस एंजिल्स और न्यूयॉर्क में स्क्रीनिंग के बाद रणबीर ने तोड़ी चुप्पी; बताया- क्यों साई पल्लवी ही हैं ‘परफेक्ट सीता’ और रावण के रूप में यश का ‘ऑरा’ क्यों है खास।
Jan-Man Desk : भारतीय सिनेमा के इतिहास की सबसे महत्वाकांक्षी फिल्म ‘रामायण (Part 1)’ दिवाली 2026 पर धमाका करने के लिए तैयार है। लॉस एंजिल्स के बाद अब फिल्म की टीम न्यूयॉर्क पहुंच चुकी है। इस बीच मुख्य अभिनेता रणबीर कपूर ने फिल्म की कास्टिंग और टीज़र को लेकर कई दिलचस्प खुलासे किए हैं। 2 मिनट 38 सेकंड के टीज़र ने सोशल मीडिया पर पहले ही धूम मचा दी है।
साई पल्लवी बनीं सीता: “उनसे बेहतर कोई नहीं हो सकता था”
लॉस एंजिल्स में आयोजित इवेंट के दौरान रणबीर कपूर ने साई पल्लवी की जमकर तारीफ की। रणबीर ने कहा:
“हम सब जानते हैं कि साई कितनी शानदार अभिनेत्री हैं। मुझे याद है, पहले दिन जब मैंने उन्हें सीता के रूप में देखा, तो मैंने बस नितेश (तिवारी) सर की ओर देखा। हम दोनों जानते थे कि हमें उनसे बेहतर सीता नहीं मिल सकती थी।”

रावण के किरदार में यश का ‘स्टैण्डर्ड’
फिल्म में रावण की भूमिका निभा रहे दक्षिण भारतीय सुपरस्टार यश (KGF फेम) को लेकर भी रणबीर ने उत्साह जताया। उन्होंने कहा कि रावण जैसे शक्तिशाली चरित्र को निभाने के लिए जिस ‘ऑरा’ और ‘स्क्रीन प्रेजेंस’ की जरूरत होती है, वह यश के पास कूट-कूट कर भरी है। टीज़र के अंत में यश की पीठ और उनके प्रसिद्ध ‘पुष्पक विमान’ की झलक ने प्रशंसकों की धड़कनें बढ़ा दी हैं।
4,000 करोड़ का मेगा बजट: भारतीय सिनेमा का सबसे बड़ा दांव
निर्माता नमित मल्होत्रा ने खुलासा किया कि फिल्म के दोनों पार्ट का कुल बजट करीब 500 मिलियन डॉलर (4,000 करोड़ रुपये से अधिक) है। नमित ने बताया कि जब 6-7 साल पहले उन्होंने इस प्रोजेक्ट के बारे में सोचा था, तो लोगों ने उन्हें पागल समझा था क्योंकि इससे पहले किसी भारतीय फिल्म ने इस स्तर के स्केल को नहीं छुआ था।
रिलीज का मास्टर प्लान
- पार्ट 1: अक्टूबर 2026 (दिवाली से पहले)
- पार्ट 2: दिवाली 2027
- प्रमुख कलाकार: रणबीर कपूर (राम), साई पल्लवी (सीता), यश (रावण), सनी देओल (हनुमान), रवि दुबे (लक्ष्मण)।
टीज़र का विश्लेषण: रणबीर के कई रूप
टीज़र में रणबीर कपूर भगवान राम के रूप में पूरी तरह रंगे नजर आ रहे हैं। राक्षसों के संहार से लेकर वनवास की शांति तक, रणबीर ने मर्यादा पुरुषोत्तम के चरित्र की गरिमा, शालीनता और राजसी अंदाज को बखूबी पर्दे पर उतारा है।