Ranchi : रामनवमी के पावन अवसर पर हेमन्त सोरेन ने अपनी धर्मपत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के साथ रांची स्थित श्री राम जानकी तपोवन मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के चरणों में शीश नवाकर राज्य की उन्नति, सुख-शांति और समृद्धि की कामना की।
मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों को रामनवमी महापर्व की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भगवान श्रीराम सभी की मनोकामनाएं पूर्ण करें। उन्होंने इस अवसर को सामाजिक समरसता और सांस्कृतिक एकता का प्रतीक बताते हुए लोगों से अपील की कि वे इस पर्व को सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाएं।
आस्था, परंपरा और जनसैलाब का संगम
मुख्यमंत्री ने कहा कि हर वर्ष की तरह इस बार भी तपोवन मंदिर में रामनवमी के अवसर पर आस्था का विशाल समागम देखने को मिला है। बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए पहुंचे, वहीं विभिन्न अखाड़ों की शोभायात्रा का भी यहां संगम हुआ।
उन्होंने कहा कि यह पर्व केवल धार्मिक आस्था का नहीं, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक विरासत को सशक्त करने का अवसर भी है। “मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में आत्मसात करना ही इस पर्व का मूल संदेश है,” उन्होंने कहा।
यह भी पढ़ें – विधानसभा पोर्टिको में गूंजे “जय श्रीराम” के नारे, रामनवमी DJ बैन पर विपक्ष का प्रदर्शन
महंत ने सीएम को गदा और तलवार भेंट की
इस अवसर पर तपोवन मंदिर के महंत ओमप्रकाश शरण ने कहा कि भगवान श्रीराम के प्राकट्य के इस पावन अवसर पर मुख्यमंत्री का मंदिर आकर पूजा-अर्चना करना श्रद्धा और आस्था का प्रतीक है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री ने राज्यवासियों की सुख-समृद्धि के लिए प्रार्थना की और मंदिर निर्माण कार्यों का भी निरीक्षण किया।
महंत के अनुसार, इस दौरान मुख्यमंत्री को सम्मान स्वरूप गदा और तलवार भेंट की गई। उन्होंने यह भी कहा कि यह प्रसन्नता की बात है कि राज्य के मुख्यमंत्री नियमित रूप से यहां आते हैं और प्रदेश की खुशहाली के लिए प्रार्थना करते हैं।

“रामनवमी को बनाएं ऐतिहासिक और यादगार”
मुख्यमंत्री ने लोगों से अपील की कि वे रामनवमी महापर्व को शांति, सद्भाव और अनुशासन के साथ मनाएं, ताकि यह पर्व राज्य में सौहार्द का संदेश दे सके। उन्होंने कहा कि सामाजिक समरसता के साथ मनाया गया यह पर्व आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनेगा।
तपोवन मंदिर के सौंदर्यीकरण पर जोर
मुख्यमंत्री ने तपोवन मंदिर के ऐतिहासिक महत्व का उल्लेख करते हुए कहा कि इस धार्मिक स्थल की पहचान को और मजबूत करने के लिए सरकार लगातार प्रयास कर रही है। मंदिर के सौंदर्यीकरण और विकास कार्य तेजी से जारी हैं।
उन्होंने विश्वास जताया कि निकट भविष्य में यह मंदिर और अधिक भव्य स्वरूप में सामने आएगा और श्रद्धालुओं के लिए एक प्रमुख आस्था केंद्र के रूप में स्थापित होगा।
यह भी पढ़ें – रामनवमी तक होगा भाजपा का पहला मुख्यमंत्री, JDU से दो डिप्टी CM होंगे, स्पीकर-गृह मंत्रालय पर मंथन