झारखंड बजट – कृषि, एमएसएमई और ढांचागत निवेश बढ़ाने की जरूरत : अयोध्या नाथ मिश्र

Anand Kumar
2 Min Read

Ranchi : सामाजिक-आर्थिक एवं संसदीय अध्ययन केंद्र के सचिव अयोध्या नाथ मिश्र ने झारखंड के वित्त मंत्री राधाकृष्ण किशोर द्वारा मंगलवार को विधानसभा में पेश किये गये ‘अबुआ दिशोम’ बजट को सीमित संसाधनों के बीच सम्यक विकास की दिशा में संतुलन साधने की कोशिश बताया है। उन्होंने कहा कि 1.58 लाख करोड़ रुपये के इस बजट में कुल मिलाकर स्वकर और गैर-कर राजस्व से लगभग 67 हजार करोड़ रुपये की प्राप्ति का अनुमान है, जबकि शेष राशि के लिए राज्य को केंद्रीय सहायता, केंद्रीय अंशदान और बाजार ऋण पर निर्भर रहना पड़ेगा।

मिश्र ने कहा कि राज्य सरकार को केंद्रीय करों में हिस्सेदारी से 51 हजार करोड़ रुपये से अधिक की अपेक्षा है। साथ ही, केंद्र से मिलने वाली सहायता में वृद्धि के लिए ठोस प्रयास आवश्यक हैं। उन्होंने उल्लेख किया कि झारखंड ने वर्ष 2030 तक जीएसडीपी को 10 लाख करोड़ रुपये तक पहुंचाने का लक्ष्य निर्धारित किया है। इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए लगभग 15 प्रतिशत वार्षिक वृद्धि दर अनिवार्य होगी, जिसके लिए कड़े वित्तीय अनुशासन और प्रभावी आर्थिक-राजकोषीय प्रबंधन की जरूरत पड़ेगी।

उन्होंने राज्य में कृषि, एमएसएमई, उद्योग, देशज उद्यम, आधारभूत संरचना विकास तथा कल्याणकारी योजनाओं में परिणामोन्मुख निवेश को प्राथमिकता देने की बात कही। उनका मानना है कि यदि विकास प्रक्रिया में कृषि, कौशल विकास और रोजगार सृजन पीछे रह जाते हैं, तो बजट पर अतिरिक्त दबाव बढ़ेगा।

मिश्र ने कहा कि खेती को केवल ‘इंश्योर्ड’ नहीं बल्कि ‘एश्योर्ड’ बनाने की दिशा में बजट से स्पष्ट प्राथमिकता तय होनी चाहिए। राज्य को राष्ट्रीय औसत विकास स्तर तक पहुंचाने के लिए आर्थिक संसाधनों की अभिवृद्धि एक चुनौती अवश्य है, लेकिन झारखंड के लिए असंभव नहीं है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *