चतरा में हथियारबंद अपराधियों का तांडव, लेवी वसूली को लेकर दो जगह फायरिंग

Anand Kumar
3 Min Read
इसी साइट पर फायरिंग हई।

Chatra : चतरा जिले में हथियारबंद अपराधियों ने एक बार फिर दहशत फैलाने की कोशिश की है। कोयलांचल क्षेत्र में लेवी वसूली को लेकर अपराधियों ने दो अलग-अलग निर्माण स्थलों पर फायरिंग की और मजदूरों के साथ मारपीट की। इस घटना के बाद पूरे इलाके में भय का माहौल है और दोनों स्थानों पर निर्माण कार्य पूरी तरह ठप हो गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, करीब पांच की संख्या में हथियारबंद अपराधी मौके पर पहुंचे थे। अपराधियों ने सबसे पहले टंडवा थाना क्षेत्र के खधैया स्थित कबरा पुल निर्माण स्थल पर पहुंचकर फायरिंग की। यहां एक राउंड फायरिंग करने के बाद उन्होंने पुल निर्माण में लगे मजदूरों के साथ मारपीट की और एक पोकलेन मशीन को भी क्षतिग्रस्त कर दिया।

इसके बाद अपराधियों ने कबरा के ही गरवईया टोला में स्थित पानी टंकी निर्माण स्थल को निशाना बनाया। यहां दो राउंड फायरिंग की गई और निर्माण कार्य में जुटे मजदूरों के साथ मारपीट की गई। अचानक हुई फायरिंग और हिंसा से मजदूरों में अफरा-तफरी मच गई। जान के डर से सभी मजदूर मौके से भाग निकले, जिसके कारण दोनों ही स्थानों पर निर्माण कार्य पूरी तरह से बंद हो गया है।

टीएसपीसी नक्सलियों के नाम पर वारदात

घटना में शामिल अपराधियों ने खुद को टीएसपीसी से जुड़ा बताया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि कौशल जी से बात कर ही काम दोबारा शुरू कराया जाए। इसके साथ ही अपराधियों ने तीन मोबाइल नंबर भी जारी किए हैं, जिन्हें लेवी वसूली से जोड़कर देखा जा रहा है।

एसपी ने संभाली कमान

घटना की सूचना मिलते ही चतरा के पुलिस अधीक्षक सुमित कुमार अग्रवाल मौके पर पहुंचे और दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया। एसपी ने अधिकारियों के साथ घटनाक्रम की जानकारी ली और संबंधित थाना पुलिस को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पूरे मामले को गंभीरता से लिया गया है। अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है ताकि दोबारा किसी वारदात को अंजाम न दिया जा सके।

इलाके में दहशत, कामकाज ठप

एक के बाद एक दो जगहों पर हुई फायरिंग और मारपीट की घटना से मजदूरों और स्थानीय लोगों में भारी दहशत है। निर्माण एजेंसियों ने सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित होने तक काम बंद रखने का फैसला लिया है। वहीं, स्थानीय लोग पुलिस से स्थायी सुरक्षा व्यवस्था की मांग कर रहे हैं।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *