नीट छात्रा मौत मामले की होगी CBI जांच, सीएम नीतीश कुमार ने केंद्र से की सिफारिश

Anand Kumar
3 Min Read
पटना में प्रदर्शन करती छात्राएं।

Patna : पटना में नीट की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध हालात में मौत के मामले में अब जांच को लेकर बड़ा राजनीतिक और प्रशासनिक कदम उठाया गया है। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस प्रकरण की सीबीआई जांच कराने के लिए केंद्र सरकार से औपचारिक सिफारिश की है। इसकी जानकारी उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा की।

पारदर्शी और न्यायपूर्ण जांच की मांग

उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर पोस्ट कर बताया कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने भारत सरकार से अनुरोध किया है कि पटना में नीट छात्रा की हत्या से जुड़े मामले (केस संख्या 14/26) की जांच केंद्रीय जांच ब्यूरो से कराई जाए। पोस्ट में यह भी कहा गया है कि मुख्यमंत्री ने इस घटना की पारदर्शी और न्यायपूर्ण जांच सुनिश्चित करने की मांग की है, ताकि पीड़ित परिवार को न्याय मिल सके।

पुलिस पर आत्महत्या का रूप देने का आरोप

इससे पहले शुक्रवार को बिहार के डीजीपी विनय कुमार ने छात्रा के परिजनों को अपने आवास पर बुलाया था। परिजन न्याय की उम्मीद लेकर डीजीपी आवास पहुंचे, लेकिन परिवार का आरोप है कि वहां उन्हें केस डायरी दिखाकर यह बताया गया कि उनकी बेटी ने आत्महत्या की है और उसके साथ दुष्कर्म नहीं हुआ था।

छात्रा की मां ने आरोप लगाया कि पुलिस इस मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जो केस डायरी उन्हें दिखाई गई, उसमें ऐसा कोई स्पष्ट शब्द या संकेत नहीं है, जिससे आत्महत्या की पुष्टि हो सके। परिजनों का कहना है कि वे निष्पक्ष जांच चाहते हैं और इसी कारण सीबीआई जांच की मांग लगातार उठा रहे हैं।

पटना में छात्राओं ने निकाला मार्च

शुक्रवार को पटना विश्वविद्यालय की छात्राओं ने ‘बेटी बचाओ न्याय मार्च’ निकाला। यह मार्च मगध महिला कॉलेज से निकल कर कारगिल चौक पहुंचा, जहां छात्राओं ने प्रदर्शन किया।

छात्राएं नारे लगा रही थीं – ‘सम्राट चौधरी बेटियों को सुरक्षा दो। नीट छात्रा की मौत की CBI जांच करवाओ।’

अब केंद्र के फैसले पर टिकी निगाहें

मुख्यमंत्री स्तर से सीबीआई जांच की सिफारिश के बाद अब यह मामला केंद्र सरकार के निर्णय पर निर्भर हो गया है। सीबीआई जांच की मंजूरी मिलने पर यह साफ हो सकेगा कि छात्रा की मौत किन परिस्थितियों में हुई और क्या इसमें किसी तरह की आपराधिक साजिश शामिल थी।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *