Giridih : गिरिडीह जिले के बगोदर थाना क्षेत्र अंतर्गत बको के बंगाली टोला गांव में एक युवती का अधजला शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। घटना की जानकारी मिलते ही बगोदर थाना पुलिस भारी संख्या में जवानों के साथ मौके पर पहुंची और क्षेत्र की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी।
ग्रामीणों ने देखा शव, तुरंत दी पुलिस को सूचना
स्थानीय ग्रामीणों ने गांव के पास एक युवती का आंशिक रूप से जला हुआ शव देखा, जिसके बाद तत्काल पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने पाया कि शव बुरी तरह झुलसा हुआ है। फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, शव एक से दो दिन पुराना प्रतीत हो रहा है। युवती की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच आंकी जा रही है।
इलाके की घेराबंदी, आम लोगों की आवाजाही पर रोक
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन घटनास्थल पर आम लोगों की आवाजाही पर रोक लगा दी है। किसी भी तरह के साक्ष्य से छेड़छाड़ को रोकने के लिए पूरे इलाके में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
यह भी पढ़ें – कोडरमा : शादी के 10 दिन पहले लापता युवक का कंकाल घर के पास कुएं से मिला
पहचान के लिए आसपास के थानों से संपर्क
बगोदर थाना प्रभारी विनय कुमार यादव ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। अब तक शव की शिनाख्त नहीं हो पाई है। मृतका की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों में पूछताछ की जा रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है और रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।
फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं से मामले की जांच कर रही है। यह स्पष्ट करने का प्रयास किया जा रहा है कि युवती की मौत हत्या का मामला है या किसी अन्य कारण से हुई है। घटना के बाद गांव और आसपास के क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना हुआ है।
यह भी पढ़ें – बोकारो स्टील सिटी कॉलेज के पास झाड़ियों में महिला का शव, सिर कुचलकर हत्या की आशंका