रोजगार की तलाश में गया परिवार खत्म, चेन्नई में बिहार के युवक की पत्नी-पुत्र समेत हत्या

Anand Kumar
6 Min Read

गिरफ्तार सभी सात आरोपी भी बिहार के निवासी | जान लेने के पहले युवक की पत्नी का यौन उत्पीड़न भी किया

Chennai/Bihar Sharif : रोजगार की तलाश में बिहार से चेन्नई गया एक पूरा परिवार हिंसा का शिकार हो गया। सदर थाना क्षेत्र के पथलाफार गांव निवासी एक ही परिवार के तीन सदस्यों की हत्या चेन्नई के अडयार इलाके में कर दी गई। मृतकों में 28 वर्षीय गौरव यादव, उसकी पत्नी मोनी कुमारी और डेढ़ साल का पुत्र गुड्डू शामिल है। यह वारदात करीब एक सप्ताह पहले की बताई जा रही है, जिसकी जानकारी दो दिन पहले चेन्नई पुलिस ने परिजनों को दी।

मृतक के पिता सुलेन्द्र यादव के मुताबिक, पुलिस ने बताया है कि गौरव और उसके बेटे का शव बरामद कर लिया गया है, जबकि मोनी कुमारी की लाश की तलाश अब भी जारी है। घटना के बाद गांव में कोहराम मचा हुआ है और पूरा परिवार सदमे में है।

आरोपी ही लेकर गया था चेन्नई

परिजनों ने बताया कि नालंदा जिले के बहुआरा गांव निवासी उपेन्द्र यादव ही गौरव को काम दिलाने के बहाने चेन्नई के अडयार इलाके में ले गया था। गौरव वहां एक निजी कंपनी में सिक्योरिटी गार्ड की नौकरी कर रहा था। बाद में वह पत्नी और बच्चे को भी अपने साथ चेन्नई ले गया।

पुलिस जांच में सामने आया है कि उपेंद्र पर भरोसा बाद में गोरव और उसके पूरे परिवार की मौत की वजह बन गया।

26 जनवरी को हुआ खुलासा

घटना का खुलासा 26 जनवरी को उस वक्त हुआ, जब अडयार के इंदिरा नगर इलाके में स्थानीय लोगों की नजर एक खून से सने बोरे पर पड़ी। संदेह होने पर लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब बोरे की जांच की, तो उसके अंदर एक युवक का शव मिला। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रॉयपेट्टा सरकारी अस्पताल भेजा गया।

CCTV और मोबाइल नंबर से खुली परतें

पुलिस ने इलाके में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में साफ दिखा कि एक दोपहिया वाहन पर सवार कुछ लोग आए और बोरा फेंककर फरार हो गए। वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर पुलिस ने जांच आगे बढ़ाई।

इसी दौरान मृतक की पैंट की जेब से कागज का एक टुकड़ा मिला, जिस पर एक मोबाइल नंबर लिखा था। जांच में वह नंबर अडयार स्थित एक निजी सुरक्षा एजेंसी का निकला। पुलिस ने वहां पहुंचकर पूछताछ शुरू की।

पहचान में आया अंतर, पुलिस कर रही सत्यापन

पुलिस रिकॉर्ड में मृतक की पहचान गौरव कुमार (24) के रूप में भी सामने आई है, जबकि परिजनों ने उसका नाम गौरव यादव बताया है। पुलिस का कहना है कि दस्तावेजों के आधार पर नाम और उम्र का सत्यापन किया जा रहा है।

जांच में यह भी सामने आया कि गौरव बाद में तारामणि इलाके के एक पॉलिटेक्निक संस्थान में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम कर रहा था और वहीं परिवार के साथ रह रहा था।

दोस्त ही निकले हत्यारे, यौन शोषण का एंगल

मामले में बड़ा खुलासा तब हुआ, जब पुलिस ने गौरव के करीबी लोगों समेत सात संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान आरोपियों ने गौरव की पत्नी के साथ यौन शोषण और इसके बाद गौरव व उसके बच्चे की हत्या करने की बात कबूल की।

पुलिस के मुताबिक, आरोपियों की निशानदेही पर ही पिता और पुत्र के शव बरामद किए गए।

शरीर को बेरहमी से काटा गया

परिजनों ने बताया कि गौरव और उसके बेटे का शव कूड़े के ढेर पर एक बोरे में बंद हालत में मिला। हत्या के बाद शवों को कई टुकड़ों में काटा गया था। वहीं, मोनी कुमारी की हत्या कर शव को एक नदी या नहर में फेंक दिया गया, जिसकी तलाश अब भी जारी है।

तलाशी अभियान के दौरान सेंट्रल कैलाश इलाके की एक नहर से बच्चे का शव बरामद किया गया है। पुलिस ने कूड़ा डंपिंग यार्ड और आसपास के इलाकों को अपने नियंत्रण में लेकर सघन तलाशी अभियान चला रखा है।

सात आरोपी गिरफ्तार, कुछ और नाम उजागर

पुलिस ने इस हत्याकांड में उपेन्द्र यादव समेत कुल सात लोगों को गिरफ्तार किया है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में सिकंदर (33), नरेंद्र कुमार (45), रवींद्रनाथ टैगोर (45) और विकास (24) के नाम शामिल हैं। सभी आरोपी बिहार के ही रहने वाले बताए जा रहे हैं।

स्थानीय पुलिस को नहीं मिली आधिकारिक सूचना

इधर, सदर थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुमार ने बताया कि चेन्नई पुलिस की ओर से अब तक आधिकारिक रूप से संपर्क नहीं किया गया है। गांव के लोगों से ही घटना की जानकारी मिली है।

यह भी पढ़ें – झारखंड में अपराध और हादसे : कहीं मासूम की डूबने से मौत, कहीं सड़क हादसा, कहीं संदिग्ध हत्या

प्रवासी परिवारों की सुरक्षा पर फिर सवाल

यह घटना एक बार फिर महानगरों में रोजगार की तलाश में जाने वाले प्रवासी मजदूरों और उनके परिवारों की सुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े करती है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच तेज़ी से की जा रही है और चार्जशीट की तैयारी की जा रही है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *