वर्दी में रील बनाना पड़ा भारी : पलामू के हुसैनाबाद थानेदार लाइन हाजिर

Anand Kumar
2 Min Read
सोनू चौधरी

Palamu : पलामू जिले के हुसैनाबाद थाना प्रभारी इंस्पेक्टर सोनू चौधरी को वर्दी में पत्नी के साथ रील बनाना महंगा पड़ गया। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग ने कार्रवाई करते हुए उन्हें लाइन हाजिर कर दिया है। उनकी जगह पाटन के अंचल निरीक्षक चंदन कुमार को हुसैनाबाद का नया थाना प्रभारी नियुक्त किया गया है।

गणतंत्र दिवस पर थाना परिसर में बनाई गई थी रील

मामला गणतंत्र दिवस का है, जब इंस्पेक्टर सोनू चौधरी ने थाना परिसर में अपनी पत्नी के साथ डांस करते हुए रील बनाई थी। वायरल वीडियो में वह पुलिस वर्दी पहने हुए अपनी पत्नी को टोपी पहनाते नजर आ रहे हैं। वीडियो सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर इसे लेकर सवाल उठने लगे और पुलिस महकमे की छवि को लेकर भी बहस शुरू हो गई।

जांच में वर्दी की गरिमा भंग होने की पुष्टि

मामले की गंभीरता को देखते हुए एस मोहम्मद याकूब, एसडीपीओ हुसैनाबाद के नेतृत्व में जांच कराई गई। जांच रिपोर्ट में स्पष्ट रूप से वर्दी की गरिमा और पुलिस अनुशासन के उल्लंघन की पुष्टि हुई।

इसके बाद रीष्मा रमेशन, पलामू एसपी ने बुधवार को इंस्पेक्टर सोनू चौधरी को लाइन हाजिर करने का आदेश जारी किया।

विभाग ने दिया सख्त संदेश

पुलिस विभाग ने साफ किया है कि वर्दी और पद की गरिमा से जुड़ा कोई भी अनुचित आचरण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। सोशल मीडिया के दौर में पुलिसकर्मियों को अपने सार्वजनिक आचरण को लेकर और अधिक सतर्क रहने की जरूरत है।

सेवा विवरण

इंस्पेक्टर सोनू चौधरी 2012 बैच के सब-इंस्पेक्टर थे और वर्ष 2024 में इंस्पेक्टर पद पर पदोन्नत हुए थे। हुसैनाबाद में तैनाती से पहले वह पलामू जिले के चैनपुर थाना प्रभारी के रूप में भी अपनी सेवाएं दे चुके हैं।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *