इंस्टाग्राम से शुरू हुआ प्रेम, गांव पहुंचकर हंगामे में बदला : कोडरमा में युवती ने लगाया शादी से मुकरने का आरोप

Anand Kumar
3 Min Read
काफी हंगामे और समझाने के बाद भी नितेश पंडित ने युवती को अपनाने से इनकार कर दिया।

Koderma : कोडरमा जिले के मरकच्चो थाना क्षेत्र अंतर्गत मुर्कमनाय पंचायत के ग्राम बेला में बीती रात अचानक अफरातफरी का माहौल बन गया। पश्चिम बंगाल की एक युवती महिला संगठन के सदस्यों के साथ गांव पहुंची और एक युवक पर शादी का झांसा देकर साथ रखने और बाद में इनकार करने का आरोप लगाया।

इंस्टाग्राम से हुई पहचान, मंदिर में शादी का दावा

युवती का आरोप है कि उसकी पहचान बेला गांव निवासी नितेश पंडित से इंस्टाग्राम के माध्यम से हुई थी। बातचीत बढ़ी और दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गया। युवती का कहना है कि दोनों ने एक मंदिर में शादी भी की थी।
उसका दावा है कि इसके बाद फरवरी महीने से दोनों करीब सात से आठ महीने तक हैदराबाद में पति-पत्नी की तरह साथ रहे।

हैदराबाद से अचानक लापता हुआ युवक

युवती के अनुसार, कुछ समय बाद नितेश पंडित बिना किसी सूचना के अचानक गायब हो गया। मोबाइल फोन बंद होने के कारण संपर्क पूरी तरह टूट गया। युवती ने अपने स्तर पर उसकी तलाश की, लेकिन कोई जानकारी नहीं मिल सकी। इस दौरान वह खुद को ठगा और असहाय महसूस करने लगी।

थाना में दर्ज कराई शिकायत

युवती इसके बाद कोडरमा पहुंची और मरकच्चो थाना में शिकायत दर्ज कराई। उसका आरोप है कि युवक ने न्यायालय में विवाह करने का आश्वासन देकर जमानत ली थी, लेकिन अब न तो वह संपर्क में है और न ही मंदिर में की गई शादी को स्वीकार कर रहा है।

महिला संगठन के साथ युवक के घर पहुंची पीड़िता

न्याय न मिलने से आहत युवती महिला संगठन के सदस्यों के साथ बेला गांव स्थित युवक के घर पहुंची। वहां उसने अपनी आपबीती सुनाते हुए कहा कि शादी का भरोसा देकर साथ रहने के बाद अब उसे समाज में अपमान और बदनामी झेलनी पड़ रही है।
उसका कहना है कि गांव और रिश्तेदारों के बीच उसके चरित्र को लेकर तरह-तरह की बातें की जा रही हैं, जिससे उसका जीवन पूरी तरह अस्त-व्यस्त हो गया है।

युवक ने अपनाने से किया इनकार

काफी देर तक चले हंगामे और समझाने-बुझाने के प्रयासों के बावजूद नितेश पंडित ने युवती को अपनाने से साफ इनकार कर दिया। मौके पर मौजूद लोगों ने बीच-बचाव की कोशिश की, लेकिन कोई समाधान नहीं निकल सका।
अंततः युवती और उसके साथ आए महिला संगठन के सदस्य निराश होकर वापस लौट गए। घटना के बाद देर रात तक गांव में चर्चा का माहौल बना रहा।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *