मोदी बोले- ‘मदर ऑफ ऑल डील्स’, वैश्विक जीडीपी के 25% और विश्व व्यापार के एक-तिहाई को करेगा कवर
New Delhi : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने मंगलवार को भारत-यूरोपीय संघ मुक्त व्यापार समझौते (एफटीए) पर हस्ताक्षर होने की घोषणा की। ‘भारतीय ऊर्जा सप्ताह’ को ऑनलाइन माध्यम से संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि यह समझौता वैश्विक जीडीपी का 25 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का लगभग एक-तिहाई हिस्सा कवर करता है। प्रधानमंत्री ने यूरोपीय संघ-भारत व्यापार समझौते पर सभी को बधाई देते हुए कहा,‘‘मैं आपको एक महत्वपूर्ण घटनाक्रम के बारे में जानकारी दे रहा हूं… कल (सोमवार) भारत और यूरोप के बीच एक महत्वपूर्ण समझौते पर हस्ताक्षर किए गए।’’उन्होंने कहा कि लोग भारत-यूरोपीय संघ व्यापार समझौते को ‘‘मदर ऑफ ऑल द डील्स’’ (सबसे अहम समझौता) बता रहे हैं। यह समझौता 140 करोड़ भारतीयों के साथ-साथ यूरोपीय लोगों के लिए भी अनेक अवसर लेकर आया है।
झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा : 23 फरवरी को मतदान, 27 को मतगणना
दुनिया की दो बड़ी अर्थव्यवस्थाओं का समन्वय
प्रधानमंत्री ने कहा,‘‘यह विश्व की दो प्रमुख अर्थव्यवस्थाओं के बीच समन्वय का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। यह समझौता वैश्विक जीडीपी का 25 प्रतिशत और वैश्विक व्यापार का एक तिहाई हिस्सा है।’मोदी ने कहा कि यूरोपीय संघ के साथ यह मुक्त व्यापार समझौता ब्रिटेन और यूरोपीय मुक्त व्यापार संघ के साथ हुए समझौतों का पूरक होगा। इससे वैश्विक व्यापार और आपूर्ति श्रृंखला दोनों और मजबूत होंगी।
युवाओं और प्रमुख क्षेत्रों को लाभ
प्रधानमंत्री ने वस्त्र, रत्न एवं आभूषण, चमड़ा तथा चप्पल-जूते जैसे क्षेत्रों से जुड़े युवाओं और सभी सहयोगियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह समझौता इनके लिए अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। मोदी ने कहा कि इस एफटीए से न केवल भारत में विनिर्माण क्षेत्र को गति मिलेगी, बल्कि सेवा क्षेत्र का भी विस्तार होगा।उन्होंने कहा,‘‘यह मुक्त व्यापार समझौता दुनिया भर के हर व्यवसाय और हर निवेशक का भारत पर भरोसा बढ़ाएगा। भारत सभी क्षेत्रों में वैश्विक साझेदारी पर व्यापक रूप से काम कर रहा है।’’