Jamshedpur : जमशेदपुर में युवा उद्यमी कैरव गांधी के अपहरण मामले को लेकर अब दबाव बढ़ता जा रहा है। जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय ने पुलिस प्रशासन को एक सप्ताह का अल्टीमेटम देते हुए चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर कैरव गांधी की सकुशल बरामदगी नहीं होती है, तो 3 फरवरी 2026 को शहर में मौन विरोध प्रदर्शन किया जाएगा।
विधायक सरयू राय ने जारी अपील में कहा कि 13 जनवरी से लापता कैरव गांधी, जो सर्किट हाउस क्षेत्र के निवासी और देवांग गांधी के पुत्र हैं, के अपहरण के बाद फिरौती की मांग के फोन आए हैं। इसके बावजूद पुलिस अब तक किसी ठोस नतीजे तक नहीं पहुंच सकी है।
उन्होंने कहा कि जिला और राज्य स्तर के पुलिस अधिकारी गंभीर प्रयासों का दावा कर रहे हैं, लेकिन अब तक कोई निर्णायक प्रगति सामने नहीं आई है। मीडिया में अपुष्ट सूचनाओं के आधार पर रोज नई खबरें सामने आ रही हैं, जिससे शहर में भ्रम और असमंजस की स्थिति बनी हुई है।
सरयू राय ने यह भी कहा कि हाल ही में झारखंड की पुलिस महानिदेशक के जमशेदपुर दौरे से लोगों को उम्मीद जगी थी कि अपहृत युवक की सकुशल वापसी को लेकर कोई सकारात्मक संकेत मिलेगा, लेकिन ऐसा नहीं हुआ।
विधायक के अनुसार, इस घटना के बाद जमशेदपुर के उद्यमियों और व्यवसायिक वर्ग के बीच असुरक्षा की भावना गहराई है। पीड़ित परिवार का दर्द पूरे शहर की चिंता बन चुका है।
अपील में स्पष्ट किया गया है कि यदि एक सप्ताह के भीतर पुलिस प्रशासन अपहर्ताओं को बेनकाब कर कैरव गांधी की सकुशल वापसी सुनिश्चित नहीं करता है, तो 3 फरवरी 2026 (मंगलवार) को मौन प्रदर्शन किया जाएगा। प्रदर्शनकारी मुंह पर पट्टी बांधकर, हाथों में तख्तियां लिए गांधी घाट से उपायुक्त कार्यालय तक मार्च करेंगे।
सरयू राय ने जमशेदपुर के सामाजिक, राजनीतिक, शैक्षणिक और सांस्कृतिक संगठनों से इस मौन प्रदर्शन में शामिल होने की अपील की है।
लंदन से ऑक्सफोर्ड तक हेमंत सोरेन : जयपाल सिंह मुंडा की विरासत और वैश्विक अकादमिक सहयोग पर जोर