कमर पर हाथ रखने से लेकर अश्लील इशारों तक, एक्ट्रेस बोलीं– अपमानित और सदमे में हूं
Karnal : हरियाणा के करनाल से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है, जहां एक सार्वजनिक कार्यक्रम के दौरान बॉलीवुड अभिनेत्री मौनी रॉय के साथ बदसलूकी की गई। इस घटना को लेकर मौनी रॉय ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर सिलसिलेवार स्टोरीज़ पोस्ट कर पूरा घटनाक्रम साझा किया है। अभिनेत्री के मुताबिक, यह सब एक ऐसे इवेंट में हुआ, जहां वह मेहमान के तौर पर शामिल हुई थीं।
“कमर पर हाथ रखा, मना करने पर नाराज़ हुए”
मौनी रॉय ने लिखा कि जैसे ही कार्यक्रम शुरू हुआ और वह स्टेज की ओर बढ़ीं, तभी वहां मौजूद कुछ अधेड़ उम्र के पुरुषों ने फोटो खींचने के बहाने उनकी कमर पर हाथ रख दिया। मौनी के अनुसार, ये लोग दादा-दादी बनने की उम्र के थे।
जब उन्होंने साफ शब्दों में कहा— “सर, प्लीज़ अपना हाथ हटा लीजिए”— तो उन्हें यह बात पसंद नहीं आई और उनका व्यवहार और असहज होता चला गया।
स्टेज पर गंदे कमेंट और इशारे
अभिनेत्री ने बताया कि मामला यहीं नहीं रुका। स्टेज पर पहुंचने के बाद हालात और बिगड़ गए। दो व्यक्ति ठीक सामने खड़े होकर अश्लील कमेंट कर रहे थे, नाम लेकर बुला रहे थे और गंदे इशारे दिखा रहे थे।
मौनी ने पहले उन्हें शालीन तरीके से रुकने का इशारा किया, लेकिन इसके जवाब में उन लोगों ने मंच की ओर गुलाब फेंकने शुरू कर दिए। इस हरकत से परेशान होकर मौनी बीच परफॉर्मेंस में ही स्टेज छोड़ने लगीं, हालांकि बाद में वह वापस लौटीं और किसी तरह अपनी प्रस्तुति पूरी की।
ऑर्गनाइज़र और परिवार की चुप्पी
मौनी रॉय का कहना है कि इस पूरी घटना के दौरान न तो आयोजकों ने हस्तक्षेप किया और न ही वहां मौजूद परिवार के किसी सदस्य ने उन लोगों को हटाने की कोशिश की।
उन्होंने लिखा कि यह सबसे ज्यादा दुखद पहलू था कि खुलेआम हो रही बदसलूकी के बावजूद किसी ने जिम्मेदारी नहीं दिखाई।
“अगर मेरे साथ ऐसा हो सकता है, तो नई लड़कियां क्या झेलती होंगी”
अपने पोस्ट में मौनी ने गहरी चिंता जताते हुए लिखा कि अगर उनके जैसी स्थापित कलाकार को यह सब सहना पड़ रहा है, तो इंडस्ट्री में नई लड़कियां, जो काम की शुरुआत कर रही हैं, उन्हें कितनी कठिन परिस्थितियों से गुजरना पड़ता होगा— इसकी कल्पना भी डरावनी है।
उन्होंने खुद को अपमानित और सदमे में बताया और कहा कि इस तरह के असहनीय व्यवहार के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।
नीचे से वीडियो बनाने और गाली-गलौज का आरोप
एक अन्य स्टोरी में मौनी रॉय ने बताया कि स्टेज ऊंचाई पर था और वही लोग नीचे से गलत एंगल में वीडियो बना रहे थे। जब किसी ने उन्हें रोकने की कोशिश की, तो उन्होंने गाली-गलौज शुरू कर दी।
मौनी ने लिखा कि उन्हें अपने देश, लोगों और परंपराओं से प्यार है, लेकिन इस तरह का “मर्द होने का घमंड” और असंवेदनशील व्यवहार अस्वीकार्य है।
“हम कलाकार हैं, कोई तमाशा नहीं”
मौनी रॉय ने कहा कि कलाकार किसी इवेंट में दूल्हा-दुल्हन को बधाई देने और उनकी खुशी में शामिल होने जाते हैं। वे मेहमान होते हैं, कोई तमाशा नहीं।
अपने शब्दों को खत्म करते हुए उन्होंने इस व्यवहार पर तीखी प्रतिक्रिया दी और लिखा— “छी”।