झारखंड की संभावनाओं पर लंदन में वैश्विक संवाद, मुख्यमंत्री ने विभिन्न देशों के नीति-निर्माताओं से की मुलाकात
London/Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने यूनाइटेड किंगडम स्थित भारत के उच्चायोग में आयोजित आधिकारिक स्वागत समारोह में शिरकत की। यह कार्यक्रम भारत के उच्चायुक्त विक्रम दोराईस्वामी द्वारा आयोजित किया गया था। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विभिन्न देशों के प्रतिनिधियों, नीति-निर्माताओं और वैश्विक विशेषज्ञों से झारखंड की विकास संभावनाओं पर व्यापक संवाद किया।
कार्यक्रम के दौरान चर्चा का केंद्र भारत के समग्र विकास में झारखंड की भूमिका को रेखांकित करना रहा। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने राज्य की आर्थिक प्रगति, औद्योगिक अवसरों, समृद्ध प्राकृतिक संसाधनों और मानव संसाधन की क्षमताओं पर विस्तार से प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि झारखंड अपनी खनिज संपदा, युवा शक्ति और सांस्कृतिक विरासत के बल पर देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रहा है।
दावोस ने झारखंड की सियासत को दी नई दिशा, हेमंत-मोदी के साझा विजन से निकलेगी विकास की नयी राह
यूके के साथ शिक्षा, संस्कृति और क्रिटिकल मिनरल्स पर सहयोग की संभावनाएं
संवाद के दौरान यूनाइटेड किंगडम के साथ विरासत संरक्षण और सांस्कृतिक साझेदारी के अवसरों पर विशेष चर्चा हुई। इसके अलावा उच्च शिक्षा, कौशल विकास, खेल, महत्वपूर्ण खनिज और क्रिटिकल मिनरल्स जैसे क्षेत्रों में संभावित सहयोग को लेकर सकारात्मक विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि इन क्षेत्रों में अंतरराष्ट्रीय सहयोग से झारखंड के युवाओं को वैश्विक अवसर मिलेंगे और राज्य की दीर्घकालिक विकास क्षमता को मजबूती मिलेगी।
यह संवाद यूके–भारत रणनीतिक साझेदारी के व्यापक ढांचे और दोनों देशों के बीच पहले से मौजूद द्विपक्षीय सहयोग के अनुरूप रहा। कार्यक्रम को झारखंड के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर निवेश, शिक्षा और तकनीकी सहयोग के नए द्वार खोलने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में देखा जा रहा है।
गुमला में दर्दनाक सड़क हादसा : स्कूटी सवार युवक को कार ने कुचला, CCTV में कैद हुई घटना