Gumla : गुमला जिला मुख्यालय के मेन रोड स्थित उपहार दुकान के पास शुक्रवार को एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई। तेज रफ्तार स्कूटी चला रहा एक युवक संतुलन बिगड़ने से सड़क पर गिर पड़ा। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही सफेद रंग की एक कार ने युवक को रौंद दिया और मौके से फरार हो गई।
घटना के बाद कुछ देर तक सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल रहा। स्थानीय लोग स्तब्ध रह गए और मदद के लिए दौड़े। यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसका वीडियो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
सिर और चेहरे पर गंभीर चोट, सड़क पर तड़पता रहा युवक
दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक के सिर और चेहरे पर गंभीर चोटें आई हैं। हादसे के बाद वह कुछ देर तक सड़क पर ही गंभीर हालत में पड़ा रहा। बाद में स्थानीय लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया। फिलहाल युवक की हालत नाजुक बताई जा रही है और सदर अस्पताल में उसका इलाज चल रहा है।
दावोस ने झारखंड की सियासत को दी नई दिशा, हेमंत-मोदी के साझा विजन से निकलेगी विकास की नयी राह
बजरंग दल कार्यकर्ता ने पहुंचाया अस्पताल
मेन रोड पर मौजूद बजरंग दल कार्यकर्ता श्याम मंत्री ने घायल युवक को सड़क से उठाया और एक ऑटो की मदद से सदर अस्पताल में भर्ती कराया। अस्पताल में युवक के मोबाइल फोन से संपर्क करने पर उसके दोस्तों ने उसकी पहचान विकास उरांव (उम्र 22 वर्ष) के रूप में की।
दवा खरीदकर लौट रहा था विकास
जानकारी के अनुसार विकास मूल रूप से फोरी गांव का निवासी है और वर्तमान में अपने परिवार के साथ कुम्हार ढलान क्षेत्र में किराए के मकान में रह रहा था। वह चेटर स्थित जेबी टेंट हाउस में काम करता है। बताया गया कि हादसे के समय वह मेडिकल स्टोर से दवा खरीदकर स्कूटी से लौट रहा था।
घटना के बाद से फरार कार चालक की तलाश की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।