Ranchi : रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र से एक माह पूर्व लापता हुई युवती का मामला अब सनसनीखेज हत्याकांड में तब्दील हो गया है। पुलिस ने तकनीकी जांच और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर न केवल एक ब्लाइंड मर्डर केस का खुलासा किया, बल्कि मुख्य आरोपी को भी गिरफ्तार कर लिया है।
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि युवती के प्रेमी पियूष कच्छप ने शादी के दबाव और झूठे दुष्कर्म मामले में फंसाने की धमकी से आहत होकर उसकी गला घोंटकर हत्या कर दी। आरोपी की निशानदेही पर स्वर्ण रेखा नदी से बोरे में बंद युवती का शव बरामद किया गया है।
अपहरण की प्राथमिकी से शुरू हुई जांच, प्रेम प्रसंग तक पहुंचा मामला
यह मामला 16 दिसंबर 2025 को तब सामने आया, जब युवती के पिता ने नगड़ी थाना में बेटी के अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराई। परिजनों ने जमीन विवाद को लेकर रिश्तेदारों पर संदेह जताया था। पुलिस ने इसी एंगल से जांच शुरू की और गोतिया पक्ष से गहन पूछताछ, कॉल डिटेल्स और गतिविधियों की जांच की, लेकिन कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा।
इसके बाद पुलिस ने इलाके के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की। 17 दिसंबर की एक फुटेज में धुर्वा इलाके में युवती की स्कूटी पर एक युवक सवार दिखाई दिया। स्कूटी की पहचान होने के बाद पुलिस की जांच की दिशा बदल गई।
सीसीटीवी से खुला राज, प्रेमी निकला आखिरी कड़ी
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर स्कूटी चला रहे युवक की पहचान पियूष कच्छप के रूप में हुई, जो नगड़ी थाना क्षेत्र के ललगुटवा का रहने वाला था और युवती का करीबी था। 16 जनवरी को पुलिस ने उसके घर पर छापेमारी कर उसे हिरासत में लिया।
पूछताछ में कबूलनामा, हत्या की पूरी कहानी आई सामने
नगड़ी थाना प्रभारी प्रवीण कुमार के अनुसार, कड़ी पूछताछ के दौरान आरोपी टूट गया और उसने अपराध स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि युवती के साथ उसका लंबे समय से प्रेम संबंध था। वह शादी का दबाव बना रही थी और मना करने पर दुष्कर्म के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दे रही थी।
इसी तनाव में 16 दिसंबर को दलादली इलाके में मिलने के दौरान उसने युवती का गला घोंट दिया। हत्या के बाद वह युवती की स्कूटी लेकर घर लौटा और अगले दिन धुर्वा के एक सुनसान इलाके में स्कूटी छोड़कर फरार हो गया।
स्वर्ण रेखा नदी से शव बरामद, पोस्टमार्टम में हत्या की पुष्टि
आरोपी की निशानदेही पर पुलिस टीम स्वर्ण रेखा नदी पहुंची, जहां बोरे में बंद युवती का शव बरामद किया गया। शव की स्थिति खराब होने के कारण प्रारंभिक जांच में गला घोंटकर हत्या की पुष्टि हुई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ हत्या और साक्ष्य छिपाने की धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
तकनीकी जांच से सुलझा ब्लाइंड मर्डर केस
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि सीसीटीवी फुटेज और तकनीकी सर्विलांस का सही तरीके से उपयोग नहीं किया जाता, तो यह मामला लंबे समय तक अनसुलझा रह सकता था। एक महीने की सतत जांच के बाद नगड़ी थाना पुलिस ने इस सनसनीखेज हत्याकांड का सफलतापूर्वक खुलासा किया है।