Chaibasa : अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन की चाईबासा शाखा की ओर से शनिवार को संजीव नेत्रालय परिसर में निशुल्क मोतियाबिंद जांच एवं ऑपरेशन शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का उद्देश्य जरूरतमंद और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग के लोगों को गुणवत्तापूर्ण नेत्र स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराना था।
शिविर के दौरान कुल 15 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिनका सफलतापूर्वक मोतियाबिंद ऑपरेशन कराया गया। समिति की ओर से बताया गया कि सभी सर्जरी विशेषज्ञ चिकित्सकों की निगरानी में पूरी सुरक्षा के साथ की गईं। ऑपरेशन के बाद सभी मरीजों की स्थिति संतोषजनक बताई गई है।
रांची के पिस्का मोड़ के पास फायरिंग, दो युवकों को लगी गोलियां
दवाइयां, चश्मा और गर्म कपड़े भी किए गए वितरित
ऑपरेशन के उपरांत सभी मरीजों को आवश्यक दवाइयां निशुल्क प्रदान की गईं। इसके साथ ही उन्हें चश्मा भी दिया गया, ताकि ऑपरेशन के बाद दृष्टि संबंधी किसी प्रकार की परेशानी न हो।
ठंड के मौसम को देखते हुए समिति की ओर से मरीजों के बीच गर्म कपड़ों का वितरण भी किया गया।
बैठक और भोजन की समुचित व्यवस्था
शिविर स्थल पर मरीजों के बैठने की समुचित व्यवस्था की गई थी। साथ ही मरीजों एवं उनके परिजनों के लिए निशुल्क भोजन की व्यवस्था की गई, जिससे किसी को भी असुविधा का सामना न करना पड़े। शिविर के दौरान समिति की सदस्याएं पूरे समय मरीजों की सेवा, देखभाल और सहयोग में तत्पर रहीं।
20 वर्षों से लगातार जारी है सेवा
इस अवसर पर समिति की सचिव निशा केडिया ने बताया कि सम्मेलन की संरक्षक गोमती नवेटिया के सहयोग से यह निशुल्क मोतियाबिंद ऑपरेशन सेवा पिछले 20 वर्षों से निरंतर संचालित की जा रही है। उन्होंने कहा कि समिति का मुख्य उद्देश्य समाज के वंचित और जरूरतमंद वर्ग को स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति इलाज के अभाव में पीड़ित न हो।
EXCLUSIVE : कैशियर संतोष कुमार अपनी मर्जी से गया था ED के दफ्तर, यहीं से शुरू हुआ ईडी-पुलिस टकराव
अन्य जनकल्याणकारी कार्य भी कर रही समिति
अखिल भारतीय मारवाड़ी महिला सम्मेलन चाईबासा शाखा द्वारा मोतियाबिंद ऑपरेशन के अलावा समय-समय पर स्वास्थ्य शिविर, वस्त्र वितरण, जरूरतमंदों की सहायता सहित अन्य जनकल्याणकारी गतिविधियां भी संचालित की जाती हैं।
इनकी रही अहम भूमिका
कार्यक्रम को सफल बनाने में
अध्यक्ष चंचल सराफ,
संरक्षक गोमती नवेटिया,
सविता अग्रवाल, पुष्पलता चौबे, कविता शर्मा,
कोषाध्यक्ष किरण गोयल,
रेनू विजयवर्गीय, अनीता अग्रवाल एवं सुमन सराफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
समिति ने भविष्य में भी ऐसे सामाजिक सेवा कार्य लगातार जारी रखने का संकल्प व्यक्त किया।
