भाई ने लगाया पति और देवर पर आरोप, कहा- कोर्ट में चल रहा है तलाक का मामला
Godda : गोड्डा जिले से एक बेहद सनसनीखेज और गंभीर आपराधिक घटना सामने आई है। पथरगामा थाना क्षेत्र के गांधीग्राम के समीप अपराधियों ने एक महिला पर अंधाधुंध फायरिंग कर दी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला की पहचान वंदना कुमारी के रूप में हुई है, जो संतोष कुमार साह, सासाराम (बिहार) में तैनात न्यायिक दंडाधिकारी, की पत्नी हैं।
इस बीच घायल वंदना कुमारी के भाई ने आरोप लगाया है कि कोर्ट में उसकी बहन का तलाक का मामला चल रहा है और इसी विवाद के चलते इस वारदात को अंजाम दिया गया। उन्होंने आरोपर लगाया कि इस घटना में वंदना कुमारी के पति और उनके भाई की संलिप्तता है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
तीन गोलियां लगने से हालत गंभीर
प्राप्त जानकारी के अनुसार, वंदना कुमारी (निवासी परसा) किसी कार्य से गुजरते हुए गांधीग्राम के पास पहुंची थीं, तभी पहले से घात लगाए अपराधियों ने उन पर हमला बोल दिया। हमलावरों ने उन्हें निशाना बनाते हुए कई राउंड फायरिंग की, जिनमें से तीन गोलियां वंदना कुमारी को लगीं। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल बन गया।
वारदात को अंजाम देने के बाद अपराधी मौके से फरार होने में सफल रहे। गोली चलने की आवाज सुनकर आसपास के लोग घटनास्थल की ओर दौड़े, जिसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला को तत्काल पथरगामा अस्पताल ले जाया गया।
यह भी पढ़ें – कैरव गांधी अपहरण केस : ‘किडनैपिंग किंग’ चंदन सोनार पर गहराया शक, 12 राज्यों में फैला है क्राइम नेटवर्क
पथरगामा अस्पताल में चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद महिला की गंभीर स्थिति और शरीर में धंसी गोलियों को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए गोड्डा सदर अस्पताल रेफर कर दिया। चिकित्सकों के अनुसार, महिला की हालत फिलहाल चिंताजनक बनी हुई है और उनका इलाज जारी है।
पुलिस अलर्ट, संवेदनशीलता से हो रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही पथरगामा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी। चूंकि मामला एक न्यायिक अधिकारी के परिवार से जुड़ा हुआ है, इसलिए पुलिस और प्रशासन इसे अत्यंत संवेदनशील मानते हुए जांच कर रहे हैं। जिला स्तर के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मामले पर नजर बनाए हुए हैं।
सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही पुलिस
हमलावरों की पहचान के लिए घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। पुलिस संभावित फरारी मार्गों पर भी जांच तेज कर चुकी है।
यह भी पढ़ें – एससी-एसटी एक्ट मामले में सांसद ढुल्लू महतो बरी, बोले – राजनीतिक साजिश के मुकदमे हो रहे खत्म