Chandil (Saraikela0Kharsawan) : चांडिल थाना क्षेत्र के न्यू बाईपास रोड पर घोड़ानेगी पुलिया के पास शुक्रवार देर शाम हुए एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। ट्रेलर और बाइक की टक्कर के बाद घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान धनंजय सरदार और सुमन सिंह सरदार के रूप में की गई है। वहीं, दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल ठाकुर सिंह सरदार को तत्काल इलाज के लिए एमजीएम अस्पताल भेजा गया, जहां उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें – झारखंड में नगर निकाय चुनाव की घोषणा 27 जनवरी को, देखें पूरा कार्यक्रम
नरगाडीह गांव के निवासी थे तीनों युवक
पुलिस के अनुसार, तीनों युवक नरगाडीह गांव के निवासी थे और चांडिल थाना क्षेत्र के अंतर्गत आते हैं। घटना की सूचना मिलते ही चांडिल थाना प्रभारी डिल्सन बिरुआ पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घायल युवक को तत्काल अस्पताल भिजवाया।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त ट्रेलर को अपने कब्जे में ले लिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद कुछ समय के लिए न्यू बाईपास रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा।
लगातार हादसों से स्थानीय लोग चिंतित
घटना के बाद स्थानीय लोगों में आक्रोश और चिंता देखी गई। लोगों का कहना है कि न्यू बाईपास रोड पर लगातार सड़क हादसे हो रहे हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस सुरक्षा व्यवस्था नहीं की गई है। स्थानीय नागरिकों ने जिला प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने, स्पीड कंट्रोल और चेतावनी संकेतक लगाने की मांग की है।
पुलिस कर रही सभी पहलुओं की जांच
थाना प्रभारी डिल्सन बिरुआ ने बताया कि सड़क हादसे के कारणों की गहन जांच की जा रही है। ट्रेलर चालक की भूमिका, वाहन की गति और अन्य तकनीकी बिंदुओं पर जांच के बाद ही दोषी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
यह भी देखें – महाराष्ट्र नगर निगम चुनाव 2026: महायुति की भारी जीत, BJP सबसे बड़ी पार्टी; BMC पर ठाकरे परिवार का 28 साल पुराना वर्चस्व टूटा