गैंगस्टर प्रिंस खान का वीडियो : वासेपुर में नरसंहार की धमकी, फहीम खान को जान से मारने की चेतावनी

Anand Kumar
5 Min Read

Gangster Prince Khan News :  झारखंड के कुख्यात गैंगस्टर प्रिंस खान ने एक बार फिर राज्य की कानून-व्यवस्था को खुली चुनौती दी है। महीनों बाद सामने आए एक नए वीडियो में प्रिंस खान ने न सिर्फ धनबाद के वासेपुर, बल्कि पूरे झारखंड में सनसनी फैला दी है। वीडियो में वह वासेपुर के कुख्यात गैंगस्टर और अपने ही सगे मामा फहीम खान को खुलेआम जान से मारने की धमकी देता नजर आ रहा है।

वीडियो में प्रिंस खान सीधे तौर पर नरसंहार की बात करता दिख रहा है। उसने न केवल फहीम खान को निशाना बनाया है, बल्कि पूरे झारखंड में दहशत फैलाने का दावा करते हुए पुलिस और प्रशासन को भी खुला चैलेंज दिया है। इस वीडियो के सामने आने के बाद सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

यह भी पढ़ें – 22 मिनट, दो किलोमीटर और एक स्टीकर : यहीं उलझा है कैरव गांधी अपहरण कांड

दुबई से जारी किया वीडियो, जेल से बाहर आने का कर रहा इंतजार

बताया जा रहा है कि यह वीडियो दुबई से जारी किया गया है। वीडियो में प्रिंस खान कहता है—
“हमला करवाएंगे तो भाग भी नहीं सकोगे। हम भी नमाज में दुआ कर रहे हैं उसका निकलने का। तुम लोग से ज्यादा गैंगवार क्या होता है, इस बार हम दिखाएंगे। नरसंहार करेंगे, नरसंहार। फहीमवा का जागीर था रे वासेपुर? गार्जियन-गार्जियन कर रहे हो, निकलने दो ना उसे।”

प्रिंस खान का दावा है कि वह फहीम खान के जेल से बाहर आने का इंतजार कर रहा है, ताकि खुलेआम अपना आतंक दिखा सके। उसके बयान से साफ है कि वह किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की धमकी दे रहा है।

प्रशासन को खुला चैलेंज

वीडियो में प्रिंस खान पुलिस और प्रशासन को सीधे चुनौती देते हुए कहता है—
“क्या सोचता है कि प्रशासन पकड़ लेगा? जिस दिन प्रशासन पकड़ लिया ना, उस दिन हम अपने आप को गोली मार लेंगे। कोई कानून का हाथ इतना लंबा नहीं हुआ अभी तक जो मेरे तक पहुंच जाए। खुला चैलेंज है, पकड़ के दिखाओ। आओ दुबई, मिल रहे दुबई में।”

वीडियो के कुछ हिस्सों में एक अनजान व्यक्ति हथियारों की नुमाइश और उनकी टेस्टिंग करता हुआ भी नजर आ रहा है, जिससे इस वीडियो की गंभीरता और बढ़ जाती है।

यह भी पढ़ें – दावोस में झारखंड की दस्तक : हेमंत सोरेन की वैश्विक यात्रा और राज्य के लिए इसके मायने

पुरानी रंजिश, 2014 से चला आ रहा है खून का रिश्ता

प्रिंस खान और फहीम खान के बीच दुश्मनी कोई नई नहीं है। दोनों के बीच रंजिश 2014 से चली आ रही है, जब फहीम खान के साले टुन्ना खान की हत्या हुई थी। इसके बाद दोनों परिवार एक-दूसरे के जानी दुश्मन बन गए।

हाल ही में 3 मई 2023 को फहीम खान के बेटे इकबाल पर हुई गोलीबारी के मामले में भी प्रिंस खान और उसके भाइयों का नाम सामने आया था। इससे पहले भी प्रिंस खान ऑडियो संदेशों के जरिए फहीम खान के बेटों और दामाद को धमकियां दे चुका है, लेकिन इस बार उसने सीधे वीडियो जारी कर दुबई आने की चुनौती दे दी है।

पुलिस अलर्ट, वीडियो की जांच शुरू

इस वीडियो के सामने आने के बाद पुलिस और खुफिया एजेंसियां अलर्ट मोड में हैं। साइबर सेल वीडियो की तकनीकी जांच कर रही है, जबकि यह भी पता लगाया जा रहा है कि वीडियो कहां से और किस माध्यम से जारी किया गया। पुलिस सूत्रों के अनुसार, इस धमकी को बेहद गंभीरता से लिया जा रहा है और मामले में कड़ी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।

यह भी पढ़ें – धनबाद में युवक पर फायरिंग, कान के पास से निकली गोली; आरोपी नशे में था, पुलिस जांच में जुटी

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *