
Gumla : मकर संक्रांति के दिन झारखंड के गुमला जिले में एक भीषण सड़क हादसे ने खुशियों को मातम में बदल दिया। एनएच-23 पर भरनो थाना क्षेत्र के भड़गांव के पास अज्ञात हाईवा वाहन ने पीछे से एक टाटा मैजिक पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयावह थी कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक घायल ने अस्पताल में दम तोड़ा। हादसे में दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। उनका रिम्स मेंं इलाज चल रहा है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, मृतकों में संजय कुमार (22) हजारीबाग, बजरंग नायक (35) रांची, बालेश्वर साहू (60) चतरा तथा सुनील कुमार साव (38) और एक अन्य शामिल है। मरनेवाले पांचों टाटा मैजिक के पीछे सवार थे। जबकि ड्राइवर और एक व्यक्ति गंभीर रूप से जख्मी हैं। उनका रिम्स में इलाज चल रहा है।
ये लोग मकर संक्रांति के मौके पर तिलकुट बेचने के लिए गुमला जा रहे थे। गुरुवार सुबह वे पिकअप में रांची से तिलकुट लादकर निकले थे, लेकिन भड़गांव के समीप तेज रफ्तार हाईवा ने उन्हें पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर के बाद हाईवा चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया।
प्रेमी के साथ मिलकर पत्नी ने रची थी चाउमिन दुकानदार की हत्या की साजिश, चार गिरफ्तार
हादसे के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और घायलों को बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक चार लोगों की जान जा चुकी थी। सड़क पर बिखरा सामान और क्षतिग्रस्त वाहन हादसे की भयावहता बयां कर रहा था।
सूचना मिलते ही भरनो थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। घायलों को पहले सिसई रेफरल अस्पताल ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए रिम्स, रांची रेफर कर दिया गया। मृतकों के शवों को सदर अस्पताल, गुमला भेजा गया है, जहां पोस्टमार्टम की प्रक्रिया की जा रही है।
पुलिस ने फरार हाईवा और उसके चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास के थानों के साथ-साथ रांची पुलिस से भी संपर्क कर मृतकों की पहचान कराने का प्रयास किया जा रहा है। पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि यदि किसी को हादसे या वाहन से जुड़ी कोई जानकारी हो, तो तुरंत पुलिस को सूचित करें।
मकर संक्रांति जैसे पर्व पर रोजी-रोटी के लिए निकले लोगों की इस तरह मौत ने पूरे इलाके को गहरे शोक में डुबो दिया है। यह हादसा राज्य में लगातार बढ़ रहे सड़क दुर्घटनाओं की एक और दर्दनाक कड़ी बन गया है।