
Jharkhand Crime Roundup : झारखंड में पिछले 24 घंटे के दौरान अलग-अलग जिलों से सड़क दुर्घटनाओं, आपराधिक वारदातों और अप्राकृतिक मौत की कई घटनाएं सामने आई हैं। कहीं तेज रफ्तार और कोहरा जानलेवा साबित हुआ, तो कहीं अपराध और सामाजिक असुरक्षा ने लोगों की चिंता बढ़ा दी। राज्य के अलग-अलग हिस्सों में हुई इन घटनाओं ने कानून-व्यवस्था और जनसुरक्षा पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
घाटशिला में JLKM नेता की गोली मारकर हत्या
पूर्वी सिंहभूम जिले के घाटशिला में JLKM नेता तारापद महतो की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक उपमुखिया आशा रानी महतो के पति थे। जानकारी के अनुसार, बाइक सवार अज्ञात अपराधी CSC सेंटर में घुसे और तारापद महतो को गोली मार दी। मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हत्या के पीछे जमीन हड़पने की साजिश की आशंका जताई जा रही है। गौरतलब है कि नवंबर 2025 में भी उन पर हमला हो चुका था। घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल है। पुलिस जांच में जुटी है।
गढ़वा में भीषण सड़क हादसा: ट्रक ने स्कॉर्पियो को मारी टक्कर, चार की मौत
गढ़वा जिले के गढ़वा-रेहला मुख्य मार्ग पर एक भीषण सड़क हादसे में चार लोगों की मौत हो गई। एक अज्ञात ट्रक ने स्कॉर्पियो को जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वाहन अनियंत्रित होकर सड़क किनारे एक घर में घुस गया। हादसे में पलामू जिले के पांडू और बिश्रामपुर क्षेत्र के चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। घर में मौजूद लोग बाल-बाल बच गए। पूर्व स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी ने घटना पर शोक व्यक्त किया है। पुलिस फरार ट्रक की तलाश कर रही है।
रांची : लापता बच्चों की तलाश में सबसे बड़ा सर्च ऑपरेशन जारी
राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र से लापता पांच वर्षीय अंश और चार वर्षीय अंशिका का अब तक कोई सुराग नहीं मिल सका है। 11 दिन बीत जाने के बावजूद पुलिस खाली हाथ है। झारखंड पुलिस, CID और अन्य राज्यों की पुलिस टीमें लगातार खोज अभियान चला रही हैं। बच्चों की सूचना देने पर इनाम की राशि बढ़ाकर दो लाख रुपये कर दी गई है। मामला हाई-सिक्योरिटी जोन से जुड़ा होने के कारण जनाक्रोश बढ़ता जा रहा है।
हजारीबाग : घने कोहरे में ट्रक पुल से टकराया, चालक गंभीर घायल
हजारीबाग जिले के गोरहर थाना क्षेत्र अंतर्गत जीटी रोड स्थित शिलाडीह मोड़ के पास एक बड़ा सड़क हादसा हुआ। दिल्ली से कोलकाता जा रहा ट्रक घने कोहरे के कारण अनियंत्रित होकर पुल से टकरा गया। हादसे में ट्रक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद कुछ देर तक यातायात बाधित रहा।
हजारीबाग : DJ विवाद में हत्या मामले में आठ गिरफ्तार
हजारीबाग के लोहसिंघना थाना क्षेत्र में नए साल की रात DJ म्यूजिक को लेकर हुए विवाद में सूरज कुमार राना की हत्या और उसके दोस्त के गंभीर रूप से घायल होने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। SIT ने छापेमारी कर आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने खून से सनी तलवार और बेसबॉल बैट भी बरामद किए हैं। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।
जमशेदपुर : MGM अस्पताल में ऑक्सीजन पाइप चोरी की कोशिश नाकाम
जमशेदपुर के MGM अस्पताल में ऑक्सीजन पाइप काटकर चोरी करने की कोशिश का मामला सामने आया है। इस घटना से अस्पताल में भर्ती 44 मरीजों की जान खतरे में पड़ गई थी। आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। अस्पताल प्रबंधन ने इसे हत्या की कोशिश मानते हुए मामला दर्ज कराया है। इस घटना ने अस्पताल की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ग्रामीण भारत में रोजगार सृजन की प्रभावी पहल है VB G RAM G : टी वी के रेड्डी
हजारीबाग : जंगली हाथी के हमले में युवक की मौत, पत्नी घायल
हजारीबाग सदर प्रखंड के चुटियारो गांव में झुंड से बिछुड़े एक जंगली हाथी ने दंपती पर हमला कर दिया। हमले में युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी पत्नी गंभीर रूप से घायल हो गई। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों ने वन विभाग से सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग की है।
जमशेदपुर : अपहृत चार माह का बच्चा 14 घंटे में बरामद
जमशेदपुर के कोवाली थाना क्षेत्र में पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। ढेगाम हाट बाजार से अपहृत चार माह के बच्चे को पुलिस ने महज 14 घंटे के भीतर सकुशल बरामद कर लिया। इस मामले में एक महिला आरोपी को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने पारिवारिक कारणों से बच्चे का अपहरण किया था। बरामद बच्चे को उसकी मां को सौंप दिया गया है।
जमशेदपुर : मां की डांट से आहत किशोर ने की आत्महत्या
जमशेदपुर के परसुडीह थाना क्षेत्र स्थित सोपोडेरा कुर्मी टोला में 17 वर्षीय किशोर ने घर में फंदे से लटककर आत्महत्या कर ली। परिजनों के अनुसार, मोबाइल फोन को लेकर मां की डांट से आहत होकर किशोर ने यह कदम उठाया। बताया गया कि छह माह पहले उसके पिता की बीमारी से मौत हो चुकी थी, जिसके बाद से परिवार मानसिक तनाव में था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
पाकुड़ : कोर्ट परिसर से फरार हत्या के दोषी गिरफ्तार
पाकुड़ जिले में अदालत परिसर से सजा सुनते ही फरार हुए हत्या के दोनों दोषियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने लगातार छापेमारी कर दोनों आरोपियों को दबोचा। इस घटना ने न्यायालय की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े किए थे।
गिरिडीह : RJD नेता हत्याकांड में फरार अपराधी गिरफ्तार
गिरिडीह पुलिस ने RJD नेता कैलाश यादव हत्याकांड सहित आर्म्स एक्ट के पांच मामलों में फरार चल रहे अपराधी छोटू राय उर्फ घनश्याम राय को धनबाद जिले के महुदा मोड़ के पास से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी लंबे समय से नाम और ठिकाना बदलकर रह रहा था। पुलिस ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
नये साल में अर्जुन मुंडा की वापसी : क्या झारखंड भाजपा में बदल रहा है राजनीतिक संतुलन?