गिरिडीह में तिसरी अंचल के सीओ को बंधक बनाने पर बवाल, पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Anand Kumar
2 Min Read

Giridih : जिले से एक बड़ी खबर सामने आई है। तिसरी अंचल में किसान जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अंचल अधिकारी (सीओ) को बंधक बना लिया, जिसे छुड़ाने पहुंचे अधिकारियों और पुलिस बल को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। जानकारी के अनुसार, किसान जनता पार्टी के कार्यकर्ता बीते 20 दिनों से अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे थे। इसी दौरान मंगलवार को उन्होंने सीओ को अंचल कार्यालय में ही रोक लिया।सूचना मिलते ही वरीय अधिकारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और सीओ को बाहर निकालने का प्रयास किया, लेकिन इस बीच कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच झड़प शुरू हो गई। हालात बेकाबू होते देख पथराव भी हुआ, जिसमें कई लोग घायल हो गए और अंचल परिसर में खड़ी कई गाड़ियां क्षतिग्रस्त हो गईं। पथराव में अंचल अधिकारी की गाड़ी भी क्षति‍ग्रस्त हुई है। स्थिति नियंत्रण में लाने के लिए पुलिस ने आंदोलनकारियों पर लाठीचार्ज किया।

20 दिन से चल रहा था धरना

बताया गया कि किसान जनता पार्टी के कार्यकर्ता तिसरी अंचल अधिकारी के खिलाफ रजिस्टर टू की सत्यापित प्रति जारी नहीं करने के विरोध में अनिश्चितकालीन धरने पर थे। पार्टी के नेता अवधेश सिंह ने कहा कि झारखंड उच्च न्यायालय के आदेश और गिरिडीह के अपर समाहर्ता द्वारा निर्देश जारी होने के बावजूद अंचल अधिकारी सत्यापित प्रति देने में आनाकानी कर रहे थे। हजारों की संख्या में किसानों ने आवेदन शुल्क भी जमा कर दिया था, फिर भी प्रति नहीं दी गई।

लाठीचार्ज में कई घायल

धरना स्थल पर किसान जनता पार्टी के नेता भागीरथ राय ने बताया कि शांतिपूर्ण प्रदर्शन के दौरान अचानक पुलिस ने लाठीचार्ज कर दिया, जिसमें कई कार्यकर्ता घायल हो गए। घायल होने वालों में अवधेश सिंह भी शामिल हैं। घटनास्थल पर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है और प्रखंड परिसर में अब भी तनाव का माहौल बना हुआ है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *