रावण रथी, विरथि रघुवीरा..

Anand Kumar
3 Min Read

श्रीनिवास
कभी मैंने एक छोटा-सा पीस लिखा था- ‘क्या राम सचमुच विजयी हुए थे?’ दरअसल वह आपातकाल के समय 1976 में साहित्यिक पत्रिका ‘कादंबिनी’ के दशहरा अंक में छपे एक लेख का शीर्षक था; उसी लेख से प्रेरित भी। कठोर सेंसरशिप के बावजूद तब भी कुछ संपादक हिम्मत दिखाते थे. लेखक का नाम याद नहीं. सागर विवि के प्राध्यापक थे, इतना याद है। लेख में संदेह व्यक्त किया गया था कि कहीं बाल्मीकि और तुलसीदास ने यह सोच कर तो राम को विजयी नहीं दिखा दिया था कि जनता का मनोबल न टूट जाये! अन्यथा कहां हर तरह से शक्तिशाली मायावी रावण और कहां रीछ-वानर और आदिवासियों की सेना के साथ राम और लक्ष्मण! ‘रावण रथी, विरथि रघुवीरा..’ वे भला कैसे जीत सकते थे!
फिर वे उस समय की राक्षसी ताकतों (सत्ताधारियों) और उनसे मुकाबला कर रहे अपने समय के ‘राम’ को याद करते हुए सवाल करते हैं कि क्या वे सफल हो सकेंगे?
लेखक ने न उस समय की सरकार या इंदिरा गांधी का नाम लिया, न जेपी का। लेखक के मन में न भी हो, लेकिन हम जैसों के लिए या बहुतों के लिए संकेत स्पष्ट था। और हमारे समय के ‘राम’ भी विजयी हुए। आज एक बार फिर ‘रावण रथी, विरथि रघुवीरा..’ जैसे परिदृश्य का अनुभव हो रहा है। आज के ‘राम’ के सामने तो कहीं अधिक कठिन चुनौती है, क्योंकि ‘रावण’ कहीं अधिक शक्ति और अधिकार से लैस है। अत्याधुनिक तकनीक और उसे ‘अवतार’ मानने वालों की बड़ी फौज भी। मगर यह यकीन बनाये रखना चाहता हूं कि यदि रीछ-वानर आदि आज भी एकजुट हो गये, तो ‘आसुरी’ ताकतों को पराजित करना बहुत कठिन नहीं होगा! इसमें ‘राम’ कौन और ‘रावण’ कौन, यह अनुमान पाठकों पर छोड़ता हूं।

संभव है, इसमें किसी को ‘पप्पू’ घोषित एक शख्स की ओर इशारा और उसका महिममंडन दिखे। हालांकि मुझे वही लगभग अकेला चुनौती देता दिख रहा है। और विडंबना यह कि यह उसी इंदिरा गांधी के वंश का है, जिसके खिलाफ हमारे समय का ‘विरथि राम’ खड़ा था और उसके पीछे हम जैसे हजारों पागल, जिन्हें आज ‘अर्बन नक्सल’ घोषित कर दिया गया है!

डिस्क्लेमर : ये लेखक के अपने विचार हैं। “जन-मन की बात” का इससे सहमत होना जरूरी नहीं है।

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *