मुस्तफिजुर विवाद के बाद बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड का बड़ा फैसला, सुरक्षा कारणों का दिया हवाला

New Delhi : टी-20 वर्ल्ड कप 2026 से पहले क्रिकेट जगत में एक बड़ा घटनाक्रम सामने आया है। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने स्पष्ट कर दिया है कि बांग्लादेश की टीम टूर्नामेंट के लिए भारत नहीं आएगी। बोर्ड ने इस संबंध में इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल को आधिकारिक रूप से सूचित करते हुए अनुरोध किया है कि उसके सभी मुकाबले श्रीलंका में आयोजित किए जाएं।
BCB का यह फैसला ऐसे समय पर आया है, जब हाल ही में मुस्तफिजुर रहमान को भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड के निर्देश पर IPL से बाहर किया गया था। बोर्ड का कहना है कि मौजूदा हालात में खिलाड़ियों की सुरक्षा को लेकर चिंताएं हैं और सरकार से सलाह-मशविरा के बाद यह निर्णय लिया गया है।
ईएसपीएन क्रिकइन्फो के हवाले से बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने कहा कि भारत में मैच खेलने को लेकर उत्पन्न परिस्थितियों को देखते हुए आईसीसी को औपचारिक ई-मेल भेजा गया है। बोर्ड ने साफ किया है कि वह चाहता है कि बांग्लादेश के सभी टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले श्रीलंका में कराए जाएं। अब अंतिम फैसला आईसीसी को लेना है।
बांग्लादेश की अंतरिम यूनुस सरकार में खेल सलाहकार आसिफ नजरुल ने भी सोशल मीडिया के जरिए इस निर्णय की पुष्टि करते हुए बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड के कदम का समर्थन किया है। उन्होंने कहा कि खिलाड़ियों की सुरक्षा सर्वोपरि है और बोर्ड ने जिम्मेदार फैसला लिया है।
टी-20 वर्ल्ड कप 7 फरवरी से भारत और श्रीलंका में संयुक्त रूप से आयोजित होना है। टूर्नामेंट का शेड्यूल पहले ही तय किया जा चुका है और सभी टीमों की यात्रा तथा लॉजिस्टिक व्यवस्थाएं बुक हो चुकी हैं, ऐसे में मैचों का स्थान बदलना ICC के लिए एक बड़ी चुनौती होगा।
गौरतलब है कि बांग्लादेश के ग्रुप-स्टेज के चारों मुकाबले भारत में ही निर्धारित हैं। इनमें से तीन मैच कोलकाता के ईडन गार्डन्स और एक मुकाबला मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में खेला जाना था।
इस पूरे घटनाक्रम की पृष्ठभूमि में 3 जनवरी को कोलकाता नाइट राइडर्स द्वारा मुस्तफिजुर रहमान को टीम से रिलीज किया जाना अहम माना जा रहा है। बांग्लादेश में अल्पसंख्यक हिंदुओं पर हो रही हिंसा के बाद भारत में उनके IPL खेलने का विरोध तेज हुआ था। इसके बाद बीसीसीआई ने केकेआर को खिलाड़ी को रिलीज करने का निर्देश दिया था।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने कहा था कि हालिया घटनाक्रमों को देखते हुए यह फैसला लिया गया है और फ्रेंचाइज़ी को रिप्लेसमेंट खिलाड़ी चुनने की अनुमति दी जाएगी।
इससे पहले पाकिस्तान भी सुरक्षा और राजनीतिक कारणों का हवाला देते हुए अपने सभी टी-20 वर्ल्ड कप मुकाबले श्रीलंका में कराने का फैसला कर चुका है। भारत-पाकिस्तान मैच भी कोलंबो में खेला जाना तय है। अगर बांग्लादेश के मैच भी शिफ्ट होते हैं, तो वह दूसरी टीम होगी जो विवादों के चलते भारत में वर्ल्ड कप नहीं खेलेगी।