पलामू। झारखंड के पलामू जिले में राष्ट्रीय राजमार्ग-39 (NH-39) के निर्माण स्थल पर फायरिंग की कथित साजिश को पुलिस ने नाकाम करने का दावा किया है। मामले में चार युवकों को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपियों के पास से दो देसी कट्टे और 12 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार किए गए युवकों की पहचान सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, सैफ, यूसुफ और शाहिद के रूप में हुई है। सभी की उम्र करीब 20 से 25 वर्ष के बीच बताई गई है। आरोपियों को बुधवार को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
मंगलवार रात मगड़दाहा से गिरफ्तारी
पलामू के पुलिस अधीक्षक कपिल चौधरी के मुताबिक, पुलिस टीम ने मंगलवार रात करीब 9:15 बजे चैनपुर थाना क्षेत्र के मगड़दाहा से आरोपियों को पकड़ा। कार्रवाई का नेतृत्व अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी राजेश यादव की टीम ने किया।
निर्माण स्थल पर रंगदारी के लिए फायरिंग की योजना का आरोप
पुलिस का कहना है कि आरोपी चैनपुर थाना क्षेत्र के लहलहे में NH-39 के विस्तार कार्य से जुड़े निर्माण स्थल पर गोली चलाने की योजना बना रहे थे। पुलिस के अनुसार, वे सोमवार रात वारदात को अंजाम देना चाहते थे, लेकिन दोपहिया वाहन की व्यवस्था नहीं होने के कारण योजना टल गई। मंगलवार को वाहन की व्यवस्था करने के बाद वे दोबारा सक्रिय हुए, तभी पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में छोटू ने कथित तौर पर राहुल दुबे के गिरोह से जुड़े होने और रंगदारी के लिए निर्माण स्थल पर फायरिंग की योजना की बात कही है। मामले में पुलिस आगे की जांच कर रही है। आरोपियों के खिलाफ लगाए गए आरोपों की पुष्टि न्यायिक प्रक्रिया के बाद ही होगी।
यह भी पढ़ें – पलामू में प्रतिमा विसर्जन के दौरान दो जगह हिंसा, छह से अधिक पुलिसकर्मी घायल; रक्साहा में हवाई फायरिंग