IND vs PAK: हैंडशेक विवाद पर सलमान आगा का जवाब, सूर्यकुमार बोले– 24 घंटे इंतजार कीजिए
Sports Desk : टी-20 वर्ल्ड कप में भारत और पाकिस्तान के हाई-वोल्टेज मुकाबले से पहले कोलंबो में हुई प्रेस कॉन्फ्रेंस ने माहौल और भी गरमा दिया है। पाकिस्तानी कप्तान सलमान अली आगा ने पिछले एशिया कप में हुए हैंडशेक विवाद पर दो टूक कहा- “इसका जवाब हम कल मैदान पर देंगे।”
इसके तुरंत बाद भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव से भी वही सवाल पूछा गया। उनका जवाब था – “24 घंटे इंतजार कीजिए, तब देखेंगे।” दोनों कप्तानों के बयानों ने मुकाबले को सिर्फ खेल तक सीमित नहीं रहने दिया, बल्कि इसे भावनात्मक और प्रतीकात्मक रंग भी दे दिया है।
एशिया कप 2025 से शुरू हुआ विवाद
पिछले साल एशिया कप के दौरान भारतीय टीम ने पाकिस्तान खिलाड़ियों से हाथ नहीं मिलाया था। सूर्यकुमार यादव ने तब स्पष्ट किया था कि यह फैसला पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए भारतीय नागरिकों के सम्मान में लिया गया है।
इस कदम को “ऑपरेशन सिंदूर” के दौरान भारतीय सेना के समर्थन के प्रतीक के रूप में भी देखा गया था। तब से दोनों टीमों के बीच हर मुकाबला सिर्फ क्रिकेट नहीं, बल्कि भावनात्मक पृष्ठभूमि के साथ खेला जा रहा है।
आगा की प्रेस कॉन्फ्रेंस की 5 बड़ी बातें
1. ‘मैच अच्छे जज्बे में खेला जाना चाहिए’
आगा ने कहा कि भारत-पाक मुकाबला खेल भावना में होना चाहिए। उनका मानना है कि मैच को राजनीति से अलग रखकर उसी भावना में खेला जाना चाहिए, जैसे वर्षों से खेला जाता रहा है।
2. ‘इतिहास नहीं बदल सकते’
टी-20 वर्ल्ड कप में पाकिस्तान का रिकॉर्ड भारत के खिलाफ कमजोर रहा है। आगा ने स्वीकार किया—“इतिहास नहीं बदल सकते, लेकिन इस बार बेहतर प्रदर्शन की कोशिश करेंगे।”
3. बाबर की फॉर्म पर भरोसा
आगा ने Babar Azam की फॉर्म को लेकर उठ रही शंकाओं को खारिज किया। उन्होंने कहा कि बाबर रन बना रहे हैं और टीम को उनसे उम्मीद है। बल्लेबाजी क्रम में बड़े बदलाव की संभावना से भी उन्होंने इनकार किया।
4. उस्मान तारिक के एक्शन पर सफाई
मिस्ट्री स्पिनर उस्मान तारिक के गेंदबाजी एक्शन पर सवालों को लेकर आगा ने कहा कि उन्हें दो बार ICC से क्लियरेंस मिल चुकी है। “हमें नहीं पता यह मुद्दा क्यों उठाया जा रहा है,” उन्होंने कहा।
उस्मान पहली बार टी-20 वर्ल्ड कप खेल रहे हैं।
5. बेस्ट इंडियन साइड के खिलाफ खेलने की इच्छा
भारतीय ओपनर अभिषेक शर्मा की फिटनेस पर सवाल हुआ। आगा ने कहा कि वे सर्वश्रेष्ठ भारतीय टीम के खिलाफ खेलना चाहते हैं और उम्मीद है अभिषेक मैदान पर उतरेंगे।
सूर्या का हल्का लेकिन सधा जवाब
सूर्यकुमार यादव ने अभिषेक शर्मा की उपलब्धता पर चुटीले अंदाज में कहा—“अगर पाकिस्तान कप्तान चाहते हैं तो हम अभिषेक को खिलाएंगे।” यह बयान माहौल को हल्का जरूर करता है, लेकिन संदेश साफ है कि टीम इंडिया रणनीति और भावनात्मक दोनों स्तरों पर तैयार है।
मुकाबला सिर्फ मैच नहीं, मानसिक जंग भी
भारत-पाकिस्तान मुकाबले हमेशा हाई-प्रेशर होते हैं, लेकिन इस बार हैंडशेक विवाद ने इसे और संवेदनशील बना दिया है। दोनों कप्तानों ने अपने-अपने तरीके से जवाब दिया है—एक ने मैदान पर प्रदर्शन की बात की, तो दूसरे ने इंतजार करने को कहा।
रविवार को कोलंबो में होने वाला यह मुकाबला सिर्फ रन और विकेट का खेल नहीं होगा, बल्कि यह मानसिक मजबूती, राष्ट्रीय भावना और पेशेवर खेल भावना की भी परीक्षा होगी