रांची: झारखंड के दिवंगत मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू के पास रहे तीनों विभागों का अतिरिक्त प्रभार अब मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन संभालेंगे। राज्य सरकार ने इस संबंध में अधिसूचना जारी कर दी है। इसके साथ ही नगर विकास एवं आवास, उच्च एवं तकनीकी शिक्षा तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग मुख्यमंत्री के अधीन आ गए हैं।
इन तीन विभागों की जिम्मेदारी अब मुख्यमंत्री के पास
सरकार की ओर से जारी अधिसूचना के अनुसार मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन अपने मौजूदा विभागों के अतिरिक्त इन तीन विभागों का कामकाज भी देखेंगे—
- नगर विकास एवं आवास विभाग
- उच्च एवं तकनीकी शिक्षा विभाग
- पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग
मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग की अपर मुख्य सचिव वंदना दादेल के हस्ताक्षर से संबंधित अधिसूचना जारी की गई है।
6 सितंबर को हुआ था सुदिव्य कुमार का निधन
सुदिव्य कुमार सोनू का 6 सितंबर 2026 को निधन हो गया था। वह झारखंड सरकार में मंत्री होने के साथ गिरिडीह से विधायक भी थे। उनके पास उच्च एवं तकनीकी शिक्षा के अलावा नगर विकास एवं आवास तथा पर्यटन, कला-संस्कृति, खेलकूद एवं युवा कार्य विभाग की जिम्मेदारी थी।
उनके निधन के बाद इन विभागों के नए प्रभार को लेकर सरकार की ओर से औपचारिक निर्णय का इंतजार था। अब अधिसूचना जारी होने के साथ विभागों के कामकाज की नई व्यवस्था स्पष्ट हो गई है।
रामदास सोरेन के विभाग भी मुख्यमंत्री के पास
इससे पहले अगस्त 2025 में तत्कालीन मंत्री रामदास सोरेन के निधन के बाद उनके अधीन रहा स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन के पास ही है। इस तरह अब दो दिवंगत मंत्रियों से जुड़े विभागों का प्रभार मुख्यमंत्री के पास है।
अधिसूचना में अन्य मंत्रियों के विभागों में किसी बदलाव का उल्लेख नहीं है। उनके पहले से आवंटित विभाग यथावत रहेंगे।
यह भी पढ़ें – गिरिडीह पहुंचे मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन, दिवंगत सुदिव्य कुमार सोनू के द्वादशकर्म में हुए शामिल