चतरा में हाईवा की टक्कर से छुट्टी पर आए CRPF जवान की मौत के बाद शव रखकर सड़क जाम, मुआवजे और कार्रवाई की मांग

Anand Kumar
4 Min Read
बायें लक्ष्मण यादव की फाइल फोटो तथा दायें टक्कर मारनेवाला हाईवा।

चतरा: झारखंड के चतरा जिले में सिमरिया-चतरा मुख्य मार्ग स्थित देल्हो घाटी में गुरुवार को हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में छुट्टी पर घर आए सीआरपीएफ जवान लक्ष्मण कुमार यादव (28) की मौत हो गई। हादसे के बाद आक्रोशित ग्रामीणों और परिजनों ने शुक्रवार को बिराजपुर के पास शव को सड़क पर रखकर चतरा-सिमरिया मार्ग जाम कर दिया। प्रदर्शनकारी दोषी चालक की गिरफ्तारी, मृतक के परिजनों को उचित मुआवजा और कोयला ढोने वाले वाहनों की तेज रफ्तार पर रोक लगाने की मांग कर रहे हैं।

सात दिन पहले ही छुट्टी पर घर आए थे जवान

मृतक जवान की पहचान बिराजपुर गांव निवासी लक्ष्मण कुमार यादव, पिता मुन्नी यादव के रूप में हुई है। वह जम्मू-कश्मीर में सीआरपीएफ में तैनात थे और महज सात दिन पहले ही एक महीने की छुट्टी पर अपने घर लौटे थे।

यह भी पढ़ें – खूंटी में एक ही दिन चार मौतों से सनसनी : तजना नदी किनारे युवक-युवती की हत्या, तिलमा गांव में देवर-भाभी ने लगाई फांसी

तेज रफ्तार हाईवा ने बाइक को मारी टक्कर

जानकारी के अनुसार, लक्ष्मण कुमार यादव गुरुवार को बाइक से सिमरिया से अपने घर बिराजपुर लौट रहे थे। इसी दौरान कटकमसांडी रेलवे साइडिंग में कोयला खाली कर लौट रहे एक तेज रफ्तार हाईवा ने उनकी बाइक को सामने से जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए।

स्थानीय ग्रामीणों ने उन्हें तत्काल सिमरिया रेफरल अस्पताल पहुंचाया। वहां से गंभीर स्थिति को देखते हुए पहले हजारीबाग और फिर रांची के रिम्स रेफर किया गया। हालांकि रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही उनकी मौत हो गई।

हाईवा चालक फरार, वाहन जब्त

दुर्घटना के बाद हाईवा चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त हाईवा को जब्त कर लिया है और फरार चालक की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी शुरू कर दी है।

शव रखकर सड़क जाम, ग्रामीणों में भारी आक्रोश

हादसे से गुस्साए ग्रामीणों और परिजनों ने बिराजपुर के पास चतरा-सिमरिया मुख्य मार्ग पर शव रखकर सड़क जाम कर दिया। जाम शाम करीब 5 बजे से जारी है, जिससे दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई।

प्रदर्शनकारियों की प्रमुख मांगें हैं:

  • दोषी हाईवा चालक की तत्काल गिरफ्तारी।
  • मृतक जवान के परिजनों को उचित मुआवजा और सरकारी सहायता।
  • कोयला ढोने वाले वाहनों की तेज रफ्तार पर प्रभावी रोक।
  • दुर्घटना संभावित इस मार्ग पर सख्त यातायात व्यवस्था।

ग्रामीणों ने प्रशासन पर लगाए गंभीर आरोप

ग्रामीणों का कहना है कि सिमरिया-चतरा मार्ग पर कोयला वाहनों की लापरवाही और तेज रफ्तार के कारण लगातार दुर्घटनाएं हो रही हैं, लेकिन प्रशासन प्रभावी कार्रवाई नहीं कर रहा है। उनका आरोप है कि बार-बार शिकायत के बावजूद भारी वाहनों की गति नियंत्रित करने के लिए कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।

प्रशासन लोगों को समझाने में जुटा

सिमरिया अंचलाधिकारी गौरव कुमार ने घटना की पुष्टि करते हुए बताया कि चतरा उपायुक्त के निर्देश पर सदर सीओ और थाना प्रभारी की निगरानी में शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया चल रही है। साथ ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और ग्रामीणों को समझाकर सड़क जाम हटाने का प्रयास कर रहे हैं।

यह भी पढ़ें – जमशेदपुर में युवक की गोली मारकर हत्या, प्रेम प्रसंग और पुरानी रंजिश के एंगल पर जांच

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *