झाड़ग्राम के पास भीषण सड़क हादसा, जमशेदपुर के कारोबारी मनीष अग्रवाल की मौत, तीन घायल

Anand Kumar
2 Min Read

जमशेदपुर: पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम के पास हुए भीषण सड़क हादसे में जमशेदपुर के कारोबारी मनीष अग्रवाल (42) की मौत हो गई, जबकि कार में सवार तीन अन्य लोग घायल हो गए। हादसा 19 नवंबर की देर रात करीब 1:45 बजे उस समय हुआ, जब बीएस इंटरप्राइजेज से जुड़े चार लोग कोलकाता से काम निपटाकर जमशेदपुर लौट रहे थे। उनकी टाटा ऐरिस कार झाड़ग्राम के पास दुर्घटनाग्रस्त हो गई।

मनीष अग्रवाल की मौके पर मौत, तीन लोग घायल

मिली जानकारी के अनुसार, हादसे में 42 वर्षीय मनीष अग्रवाल की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। कार में सवार बासु (42) गंभीर रूप से घायल हुए हैं और उनकी हालत नाजुक बताई गई है। वहीं, बीरू (45) के हाथ में फ्रैक्चर आया है और उन्हें अन्य चोटें भी लगी हैं। चौथे सवार सचिन (42) को हल्की चोट लगी।

दुर्घटना के बाद घायलों को इलाज के लिए जमशेदपुर के टाटा मेन हॉस्पिटल (टीएमएच) पहुंचाया गया। सचिन को प्राथमिक उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। बासु की साकची में बसंत सेंट्रल के सामने मोबाइल की दुकान है।

कोलकाता से लौट रहे थे चारों कारोबारी

बताया गया है कि कार में कुल चार लोग सवार थे। सभी कारोबारी काम के सिलसिले में कोलकाता गए थे और काम पूरा करने के बाद टाटा ऐरिस कार से जमशेदपुर लौट रहे थे। इसी दौरान झाड़ग्राम के पास रात करीब पौने दो बजे हादसा हो गया। दुर्घटना के सटीक कारणों की विस्तृत जानकारी फिलहाल सामने नहीं आई है।

मनीष अग्रवाल की मौत की खबर से बीएस इंटरप्राइजेज से जुड़े लोगों, परिचितों और जमशेदपुर के कारोबारी जगत में शोक का माहौल है।

यह भी पढ़ें – जमशेदपुर में स्कूली बच्चों से भरे CNG ऑटो में लगी आग, चालक की सूझबूझ से सभी सुरक्षित

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *