गिरिडीह: झारखंड के गिरिडीह जिले के धनवार में गुरुवार को दिनदहाड़े यूको बैंक में हथियारबंद अपराधियों ने डकैती की वारदात को अंजाम दिया। बाइक से पहुंचे करीब आधा दर्जन अपराधियों ने बैंक कर्मचारियों और वहां मौजूद ग्राहकों को हथियार के बल पर बंधक बना लिया। इसके बाद बैंक की नकदी और लॉकर में रखे जेवरात लूटकर फरार हो गए।
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, अपराधी बैंक से करीब 10 लाख रुपये नकद, दो ग्राहकों के पास मौजूद नकदी और लॉकर में रखे लगभग चार करोड़ रुपये मूल्य के जेवरात ले गए हैं। हालांकि, लूट की वास्तविक रकम और जेवरात के मूल्य का आधिकारिक आकलन अभी सामने नहीं आया है।
हेलमेट और मास्क पहनकर बैंक पहुंचे थे अपराधी
जानकारी के अनुसार, गुरुवार दोपहर बाइक सवार अपराधी अचानक धनवार स्थित यूको बैंक पहुंचे। वारदात में करीब आधा दर्जन अपराधियों के शामिल होने की बात कही जा रही है। इनमें से कुछ ने हेलमेट पहन रखा था, जबकि अन्य ने चेहरे को मास्क से ढक रखा था।
बैंक के अंदर घुसते ही अपराधियों ने हथियार दिखाकर कर्मचारियों और ग्राहकों को अपने कब्जे में ले लिया। अचानक हुई इस घटना से बैंक परिसर में अफरा-तफरी मच गई। अपराधियों ने सभी को बंधक बनाए रखा और इस दौरान बैंक में रखी नकदी तथा लॉकर में जमा जेवरात अपने कब्जे में कर लिए।
बैंक की नकदी के साथ ग्राहकों से भी लूट
शुरुआती जानकारी में बैंक की नकदी के अलावा दो ग्राहकों से भी रुपये लूटे जाने की बात सामने आई है। इसके साथ ही लॉकर में रखे जेवरात की कीमत करीब चार करोड़ रुपये बताई जा रही है। बैंक प्रबंधन और पुलिस की ओर से नुकसान का अंतिम आंकड़ा आना बाकी है।
वारदात को अंजाम देने के बाद सभी अपराधी मौके से फरार हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बैंक के आसपास लोगों की भीड़ जुट गई।
एसपी ने एसडीपीओ को दिए त्वरित कार्रवाई के निर्देश
बैंक डकैती की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने बैंक कर्मचारियों और ग्राहकों से पूछताछ कर घटना की जानकारी जुटाई। मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
घटना की सूचना गिरिडीह के एसपी डॉ. बिमल कुमार को भी दी गई है। एसपी ने मामले को गंभीरता से लेते हुए खोरीमहुआ के एसडीपीओ अमरेंद्र कुमार को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश दिया है।
फिलहाल पुलिस अपराधियों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है। लूट की वास्तविक रकम, जेवरात का मूल्य और वारदात में शामिल अपराधियों की संख्या को लेकर आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
यह भी देखें – जमशेदपुर में केनरा बैंक में दिनदहाड़े डकैती, गन प्वाइंट पर मैनेजर से खुलवाया चेस्ट