राहुल दुबे गैंग पर रांची पुलिस का शिकंजा, छह अपराधी गिरफ्तार; चार पिस्टल और कारतूस बरामद

Anand Kumar
4 Min Read

कांके रिंग रोड से चार अपराधी गिरफ्तार, सीठियो में पुलिस पर फायरिंग करने वाला सौरभ घायल; हजारीबाग के ए.के. इंटरनेशनल होटल समेत कई फायरिंग मामलों में संलिप्तता का खुलासा

रांची। राजधानी रांची में सक्रिय राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए छह अपराधियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में आदित्य कुमार राम उर्फ कुंदन, मोहित पासवान, ऋषभ कुमार, गुड्डू मिश्रा, सौरभ कुमार और जियाउल हबीब शामिल हैं। इनमें सौरभ कुमार पुलिस की जवाबी कार्रवाई में गोली लगने से घायल हो गया। उसे इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया है।

पुलिस ने आरोपियों के पास से चार पिस्टल, आठ जिंदा कारतूस, पांच मैगजीन, छह मोबाइल फोन, एक कार और एक पल्सर मोटरसाइकिल बरामद की है। प्रारंभिक जांच में गिरफ्तार आरोपियों की संलिप्तता कांके, हजारीबाग के ए.के. इंटरनेशनल होटल, उरीमारी और टंडवा में हुई फायरिंग की घटनाओं में सामने आई है। पुलिस गिरोह के अन्य सदस्यों और हथियारों की आपूर्ति करने वाले नेटवर्क की भी जांच कर रही है।

पुलिस के अनुसार, शुक्रवार को गुप्त सूचना मिली थी कि राहुल दुबे गिरोह के कुछ अपराधी एक कार से रिंग रोड इलाके में घूम रहे हैं और किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर नगर एवं ग्रामीण पुलिस अधीक्षक के मार्गदर्शन में हटिया के वरीय पुलिस उपाधीक्षक के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।

विशेष टीम ने कांके रिंग रोड में संदिग्ध कार को रोककर उसमें सवार चार लोगों को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उनके पास से हथियार और कारतूस बरामद किए गए। पूछताछ में गिरोह की गतिविधियों और अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी मिली।

सीठियो में पुलिस पर फायरिंग, जवाबी कार्रवाई में सौरभ घायल

गिरफ्तार अपराधियों से पूछताछ के आधार पर पुलिस ने गिरोह के एक अन्य सदस्य की गिरफ्तारी के लिए सीठियो इलाके में छापेमारी की। इसी दौरान एक अपराधी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें सौरभ कुमार के पैर में गोली लग गई।

घायल सौरभ को तत्काल इलाज के लिए रिम्स में भर्ती कराया गया। पुलिस ने उसके पास से एक पिस्टल, कारतूस और मोबाइल फोन भी बरामद किया।

हथियार सप्लायर जियाउल हबीब भी गिरफ्तार

जांच के दौरान पुलिस ने गिरोह को हथियार उपलब्ध कराने के आरोप में जियाउल हबीब को भी गिरफ्तार किया। उसकी निशानदेही पर एक पिस्टल, जिंदा कारतूस और मोबाइल फोन बरामद किए गए।

पुलिस अब गिरोह के हथियार आपूर्ति नेटवर्क की पड़ताल कर रही है। यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि राहुल दुबे गिरोह को हथियार कहां से उपलब्ध कराए जा रहे थे और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।

यह भी पढ़ें – रांची में राहुल दुबे गैंग के साथ पुलिस की मुठभेड़, एक अपराधी को लगी गोली; पांच गिरफ्तार

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *