रांची: झारखंड में आपराधिक घटनाओं को अंजाम देने वाले राहुल दुबे गिरोह के खिलाफ रांची पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। शुक्रवार शाम रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो में पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की जवाबी फायरिंग में एक अपराधी को गोली लग गई। पुलिस ने घायल अपराधी समेत गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार कर लिया है।
गिरफ्तार अपराधियों के पास से तीन पिस्टल, चार मैगजीन और वारदात में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार बरामद की गई है। पुलिस ने चोरी की एक बाइक भी जब्त की है।
हजारीबाग और रांची में की थी फायरिंग
रांची के सिटी एसपी पारस राणा के अनुसार, राहुल दुबे गिरोह के अपराधियों ने गुरुवार रात हजारीबाग में एके इंटरनेशनल होटल के बाहर गोलीबारी की थी। इसके बाद शुक्रवार तड़के करीब 3:40 बजे रांची के कांके इलाके में भी फायरिंग की घटना को अंजाम दिया गया।
दो जिलों में लगातार हुई गोलीबारी की घटनाओं के बाद पुलिस ने अपराधियों की तलाश में छापेमारी शुरू की।
सीठियो में घेराबंदी के दौरान मुठभेड़
पुलिस को सूचना मिली कि गिरोह के अपराधी धुर्वा थाना क्षेत्र के सीठियो इलाके में मौजूद हैं। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी की। इसी दौरान अपराधियों की ओर से पुलिस पर फायरिंग की गई।
जवाबी कार्रवाई में एक अपराधी सौरभ को गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने सभी पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार अपराधियों के नाम
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपियों में कुंदन कुमार, गुड्डू मिश्रा, मोहित कुमार, ऋषभ और गोली लगने वाला सौरभ शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तीन पिस्टल और चार मैगजीन बरामद की हैं। इसके अलावा हजारीबाग और रांची में हुई गोलीबारी की घटनाओं में इस्तेमाल की गई स्विफ्ट कार भी जब्त की गई है। आरोपियों के पास से चोरी की एक बाइक भी मिली है।
पुलिस अब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ कर गिरोह के अन्य सदस्यों और दोनों गोलीबारी की घटनाओं में उनकी भूमिका की जांच कर रही है।
यह भी पढ़ें –रांची में कोयला कारोबारी के घर पर फायरिंग: फेसबुक पर धमकी के बाद राहुल दुबे गैंग का दुस्साहस