रांची : झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन आज दिल्ली रवाना हो गए। वे दोपहर करीब 12 बजे रांची के बिरसा मुंडा एयरपोर्ट से दिल्ली के लिए रवाना हुए। दिल्ली दौरे के दौरान वे दो महत्वपूर्ण राजनीतिक कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे की ओर से बुलाई गई INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक में हिस्सा लेंगे। बैठक में देश के मौजूदा राजनीतिक हालात, आगामी चुनावों की रणनीति और विपक्षी दलों के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करने जैसे मुद्दों पर चर्चा होगी।
बैठक के बाद 31 अक्टूबर को दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में INDIA गठबंधन की ओर से एक बड़ी रैली आयोजित की जाएगी। इस रैली में भी मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन शामिल होंगे।
इस रैली को विपक्षी दलों की एकजुटता प्रदर्शित करने के कार्यक्रम के तौर पर देखा जा रहा है। मुख्यमंत्री की मौजूदगी के जरिए झारखंड भी विपक्ष की राष्ट्रीय राजनीतिक गतिविधियों में अपनी भागीदारी दर्ज कराएगा।