गुमला: झारखंड के गुमला जिले में पुलिस ने अवैध हथियारों की बरामदगी कर किसी बड़ी आपराधिक वारदात की आशंका के बीच कार्रवाई की है। भरनो थाना क्षेत्र के लेकोटोली गांव में छापेमारी के दौरान पुलिस ने AK-56 राइफल, एक देसी कारबाइन, मैगजीन और जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। मामले में स्थानीय निवासी राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया है, जबकि रोहित कुमार शर्मा समेत अन्य संदिग्धों की तलाश जारी है।
गुप्त सूचना पर पुलिस ने की छापेमारी
पुलिस के अनुसार, 27 अक्टूबर को गुमला के पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि रोहित कुमार शर्मा अपने चार-पांच साथियों के साथ लेकोटोली गांव में राजेंद्र यादव के घर पहुंचा है। आशंका जताई गई थी कि ये लोग किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की तैयारी कर रहे हैं।
सूचना के आधार पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सुरेश प्रसाद यादव के नेतृत्व में छापेमारी दल का गठन किया गया। 27 अक्टूबर की रात करीब 10:45 बजे पुलिस टीम लेकोटोली गांव के पास पहुंची, जहां लाल रंग की वैगनआर कार खड़ी मिली। कार में चार-पांच लोग सवार थे।
पुलिस की गाड़ी देखते ही संदिग्ध भागने लगे। जवानों ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया, लेकिन वे अंधेरे और आसपास की झाड़ियों का फायदा उठाकर फरार हो गए। इसके बाद पुलिस ने वाहन की तलाशी ली। तलाशी के दौरान मैगजीन लगी एक देसी कारबाइन और 9 एमएम के दो जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
राजेंद्र यादव की निशानदेही पर AK-56 बरामद
पुलिस ने 28 अक्टूबर को इलाके में सघन छापेमारी अभियान चलाया। इस दौरान लेकोटोली निवासी राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया गया। पुलिस के मुताबिक, उसकी निशानदेही पर AK-56 राइफल, दो मैगजीन और 7.62 एमएम के 34 जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
इसके अलावा पुलिस ने दो मोबाइल फोन और लकड़ी व लोहे से बना एक धारदार फरसा भी जब्त किया है। बरामद हथियारों और अन्य सामान की जांच की जा रही है।
रोहित कुमार शर्मा समेत अन्य आरोपियों की तलाश
इस मामले में पुलिस रोहित कुमार शर्मा और दो-तीन अन्य संदिग्धों की तलाश कर रही है। छापेमारी दल में एसडीपीओ सुरेश प्रसाद यादव, पुलिस अंचल निरीक्षक विनय कुमार, भरनो थाना प्रभारी संतोष कुमार सिंह, सिसई थाना प्रभारी नीरज कुमार और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।
फिलहाल पुलिस की कार्रवाई का मुख्य उद्देश्य फरार आरोपियों को पकड़ना और बरामद हथियारों के स्रोत तथा उनके संभावित इस्तेमाल का पता लगाना है। किसी बड़ी वारदात की तैयारी को लेकर मिली सूचना के संबंध में आगे की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें – लातेहार में स्कॉर्पियो-ऑटो की टक्कर, 4 घायल; 2 रिम्स रेफर