रांची: झारखंड आईएएस ऑफिसर्स वाइव्स एसोसिएशन (जेसोवा) के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और विधायक कल्पना सोरेन से मुलाकात कर उन्हें जेसोवा के पांच दिवसीय दीवाली मेले में सपरिवार शामिल होने का आमंत्रण दिया। यह मेला 29 अक्टूबर से 2 नवंबर 2026 तक रांची के मोरहाबादी मैदान में आयोजित किया जाएगा। मेले में देशभर के उद्यमियों, हस्तशिल्पियों और ग्रामीण महिलाओं के स्वदेशी उत्पाद आकर्षण का केंद्र होंगे।
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी धर्मपत्नी सह विधायक कल्पना सोरेन से प्रतिनिधिमंडल ने कांके रोड स्थित मुख्यमंत्री आवासीय कार्यालय में शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान जेसोवा की ओर से मुख्यमंत्री को मेले में शामिल होने के लिए सादर आमंत्रित किया गया।
मेले में लगेंगे 300 से अधिक स्टॉल
जेसोवा के प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि मोरहाबादी मैदान में आयोजित होने वाला दीवाली मेला पांच दिनों तक चलेगा। इसमें कला, संस्कृति, हस्तशिल्प और स्थानीय प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने के लिए विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
मेले में देशभर के उद्यमियों और हस्तशिल्पियों के साथ ग्रामीण महिलाओं द्वारा तैयार स्वदेशी उत्पादों की प्रदर्शनी और बिक्री की जाएगी। इसके लिए 300 से अधिक स्टॉल लगाए जाएंगे। यहां पारंपरिक कपड़े, फैशन एक्सेसरीज, सजावटी सामान और अन्य हस्तनिर्मित उत्पाद उपलब्ध रहेंगे।
दीवाली मेले के जरिए स्थानीय उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के साथ महिला उद्यमियों और हस्तशिल्प से जुड़े लोगों को अपनी प्रतिभा और उत्पादों को प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
जेसोवा ने सामाजिक कार्यों की जानकारी दी
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री श्री हेमन्त सोरेन को जेसोवा की ओर से राज्य में संचालित विभिन्न सामाजिक कल्याण संबंधी कार्यों, कार्यक्रमों और गतिविधियों की जानकारी भी दी।
प्रतिनिधिमंडल में ये सदस्य रहीं शामिल
मुख्यमंत्री से मुलाकात करने वाले जेसोवा के प्रतिनिधिमंडल में एसोसिएशन की अध्यक्ष प्रीति कुमारी, उपाध्यक्ष अनीता सिंह, सचिव मनु झा, संयुक्त सचिव श्वेता शुक्ला और कोषाध्यक्ष शिवानी सिंह शामिल रहीं। इनके अलावा कार्यकारिणी समिति की सदस्य रंजना कुमार और दिव्या श्री भी प्रतिनिधिमंडल का हिस्सा थीं।
यह भी पढ़ें – दिल्ली में 1 नवंबर की कांग्रेस रैली पर सियासत गर्म, CTI ने राहुल गांधी से की तारीख बदलने की अपील