रांची: दीपावली और छठ महापर्व के दौरान ट्रेनों में बढ़ती भीड़ और लंबी वेटिंग लिस्ट के बीच रेलवे ने यात्रियों को नई सौगात दी है। संतरागाछी से राजस्थान के खातीपुरा के बीच नई एक्सप्रेस ट्रेन सेवा शुरू की गई है। संतरागाछी-खातीपुरा नाम की यह ट्रेन टाटानगर और रांची होकर गुजरेगी। इससे झारखंड, पश्चिम बंगाल, बिहार, उत्तर प्रदेश और राजस्थान के बीच रेल संपर्क मजबूत होने की उम्मीद है।
टाटानगर स्टेशन पर सांसद और विधायक ने झंडी दिखाई
संतरागाछी-टाटानगर-जयपुर (खातीपुरा) एक्सप्रेस के उद्घाटन के अवसर पर 26 अक्टूबर को केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने ऑनलाइन और संतरागाछी स्टेशन पर पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी ने ट्रेन को हरी झंडी दिखाई। वहीं, टाटानगर स्टेशन पर जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, जमशेदपुर पश्चिम के विधायक सरयू राय और जमशेदपुर पूर्वी की विधायक पूर्णिमा साहू ने ट्रेन को रवाना किया।
इस नई रेल सेवा से यात्रियों को लंबी दूरी की यात्रा में बेहतर विकल्प मिलेगा। साथ ही व्यापार, शिक्षा, पर्यटन और आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
रांची में रात 10:50 बजे पहुंचेगी उद्घाटन स्पेशल
ट्रेन संख्या 08061 संतरागाछी-खातीपुरा उद्घाटन स्पेशल 26 अक्टूबर को दोपहर 2 बजे संतरागाछी से रवाना हुई। निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार, ट्रेन शाम 5:50 बजे टाटानगर पहुंचेगी। इसके बाद पुरुलिया होते हुए रात 10:50 बजे रांची पहुंचेगी।
रांची स्टेशन पर पांच मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रात 11:05 बजे आगे के लिए रवाना होगी। इसके बाद यह लोहरदगा रेलखंड से होते हुए अपने गंतव्य की ओर बढ़ेगी।
झारखंड, बिहार और यूपी के कई स्टेशनों पर होगा ठहराव
यह ट्रेन झारखंड, बिहार और उत्तर प्रदेश के कई प्रमुख स्टेशनों से होकर गुजरेगी। इसके मार्ग में टोरी, लातेहार, बरवाडीह, डालटनगंज, गढ़वा रोड, जपला, डेहरी ऑन सोन, सासाराम, भभुआ रोड, पंडित दीन दयाल उपाध्याय जंक्शन, मिर्जापुर, प्रयागराज, कानपुर, आगरा और दौसा समेत कई स्टेशन शामिल हैं।
निर्धारित समय-सारिणी के अनुसार, ट्रेन अगले दिन रात 11 बजे राजस्थान के खातीपुरा पहुंचेगी। हालांकि, ट्रेन संख्या 18061/18062 संतरागाछी-खातीपुरा-संतरागाछी एक्सप्रेस के नियमित परिचालन की तारीख रेलवे की ओर से बाद में घोषित की जाएगी।
छठ पर यात्रियों को राहत देने की तैयारी
छठ महापर्व को देखते हुए रांची रेल मंडल यात्रियों की सुविधा बढ़ाने के लिए अतिरिक्त इंतजाम कर रहा है। रांची रेल मंडल की सीनियर डीसीएम श्रेया सिंह ने बताया कि त्योहार के दौरान यात्रियों की बढ़ती संख्या को ध्यान में रखते हुए ट्रेनों में अतिरिक्त कोच लगाए जा रहे हैं। इसके अलावा जरूरत के अनुसार अतिरिक्त ट्रेनों का परिचालन भी किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को भीड़ और वेटिंग लिस्ट की समस्या से राहत मिल सके।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में रेलवे के आधुनिकीकरण और यात्री सुविधाओं के विस्तार के प्रयासों के बीच इस नई ट्रेन सेवा को क्षेत्रीय रेल संपर्क बेहतर करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।
यह भी पढ़ें – झारखंड भाजपा कार्यसमिति में मोदी के 25 साल पर प्रस्ताव पारित, हेमंत सरकार पर निशाना