आदित्यपुर में युवक के कथित अपहरण से सनसनी, पुलिस ने शुरू की छापेमारी, CCTV में तलाशे जा रहे सुराग

Anand Kumar
3 Min Read

सरायकेला/आदित्यपुर: सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर थाना क्षेत्र स्थित व्यस्त आशियाना चौक पर सोमवार शाम युवक के कथित अपहरण के मामले में पुलिस की जांच तेज हो गई है। चार-पांच युवकों द्वारा कोलाबिरा के बालीजगुमा निवासी अल्ताफ को उसकी कार से उतारकर जबरन दूसरी गाड़ी में ले जाने की बात सामने आने के बाद पुलिस ने इलाके के CCTV फुटेज खंगालने के साथ संदिग्धों की तलाश शुरू कर दी है।

कार रोककर अल्ताफ को जबरन ले जाने का आरोप

जानकारी के अनुसार, अल्ताफ सफेद रंग की कार संख्या JH05CE-5447 में आशियाना चौक पहुंचा था। इसी दौरान काले रंग की गाड़ी से चार-पांच युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने अल्ताफ की कार को रोककर उसे बाहर निकाला और जबरन अपनी गाड़ी में बैठा लिया।

इसके बाद आरोपी अल्ताफ को लेकर गम्हरिया की ओर फरार हो गए। व्यस्त चौक पर हुई इस घटना से आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।

मामा ने पिस्तौल के बल पर अगवा करने का लगाया आरोप

अल्ताफ के मामा अफसर अली ने आरोप लगाया है कि युवकों ने पिस्तौल के बल पर अल्ताफ को जबरन अपने साथ ले गए। हालांकि, पुलिस जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि घटना वास्तव में किस परिस्थिति में हुई।

CCTV और तकनीकी सुरागों से आरोपियों की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही आदित्यपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। पुलिस आशियाना चौक और आसपास के इलाकों में लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। फुटेज के जरिए संदिग्ध गाड़ी, उसके नंबर और आरोपियों के भागने के रास्ते की जानकारी जुटाई जा रही है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, CCTV फुटेज और अन्य तकनीकी सुरागों के आधार पर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस की टीमें संभावित ठिकानों पर छापेमारी भी कर रही हैं।

अपहरण के पीछे क्या है वजह?

फिलहाल अल्ताफ को ले जाने वाले युवकों की पहचान नहीं हो सकी है और घटना के पीछे की वजह भी स्पष्ट नहीं है। पुलिस इस बात की भी जांच कर रही है कि मामला वास्तविक अपहरण का है या फिर इसके पीछे कोई आपसी विवाद अथवा अन्य कारण है।

जांच पूरी होने और CCTV समेत अन्य साक्ष्य सामने आने के बाद ही पूरे मामले की तस्वीर साफ हो सकेगी।

यह भी पढ़ें – जमशेदपुर में टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी की मौत, 10वीं मंजिल से गिरने की घटना; पुलिस जांच में जुटी

Share This Article
Follow:
वरिष्ठ पत्रकार आनंद कुमार करीब 30 वर्षों से पत्रकारिता में सक्रिय हैं। उन्होंने एम.ए. (इतिहास), बैचलर ऑफ जर्नलिज्म और एमबीए (मार्केटिंग) की शिक्षा प्राप्त की है। 1996 में 'प्रभात खबर', रांची से बतौर प्रशिक्षु पत्रकार करियर की शुरुआत करके 'हिन्दुस्तान' और 'अमर उजाला' जैसे राष्ट्रीय समाचार पत्रों में महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभाल चुके आनंद कुमार हिन्दुस्तान, जमशेदपुर के स्थानीय संपादक भी रहे हैं। इसके अलावा The Photon News अखबार सहित Lagatar.in तथा Newswing.com जैसे डिजिटल माध्यमों में संपादक पद का दायित्व संभाल चुके हैं। इसके अलावा आनंद कुमार कॉरपोरेट कम्यूनिकेशन/जनसंपर्क, प्रबंधन, सरकार/प्रशासन और मीडिया शिक्षण का भी गहन अनुभव रखते हैं। उन्होंने सरयू राय - एक नाम कई आयाम' नामक पुस्तक का संपादन भी किया है।
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *